बांदकपुर कॉरिडोर का 9 मई को होगा भूमि पूजन, भव्यता का साक्षी बनने का आह्वान
दमोह: बांदकपुर में बनने वाले दिव्य और भव्य कॉरिडोर के कार्य का भूमि पूजन आगामी 9 मई को किया जाएगा, जिसके बाद कार्य प्रारंभ हो जाएगा। यह जानकारी प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने दी।
आज राज्यमंत्री श्री लोधी, सांसद राहुल सिंह और दमोह विधायक जयंत मलैया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 9 मई को बांदकपुर में प्रस्तावित आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थल और मंदिर परिसर का जायजा लिया। मुख्यमंत्री का आगमन अपराह्न 3:30 बजे प्रस्तावित है। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संस्कृति राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने बताया कि पर्यटन विभाग द्वारा बांदकपुर जागेश्वरनाथ कॉरिडोर के लिए 100 करोड़ रुपये की एक बड़ी योजना बनाई गई है, जो पांच चरणों में पूरी होगी। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण का कार्य 9 मई के भूमि पूजन के बाद शुरू हो जाएगा। श्री लोधी ने विधायक जयंत कुमार मलैया और सांसद राहुल सिंह लोधी की इस भव्य कॉरिडोर की मंशा को साकार करने के लिए भगवान भोलेनाथ की कृपा को श्रेय दिया।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि उनका पूरा जीवन प्रभु जागेश्वरनाथ जी के आशीर्वाद से ही आगे बढ़ा है। उन्होंने 9 मई को बांदकपुर कॉरिडोर के भूमि पूजन के अवसर पर सभी भक्तों से उपस्थित रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जब स्वयं भगवान जागेश्वरनाथ जी की इच्छा है, तो सभी को इस भव्य और दिव्य कॉरिडोर के साक्षी बनने के लिए यहां आना चाहिए।
पूर्व वित्तमंत्री एवं दमोह विधायक जयंत कुमार मलैया ने इस कार्य के लिए राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मंत्री बनने के बाद सबसे पहले बांदकपुर कॉरिडोर का कार्य अपने हाथ में लेना सराहनीय है। उन्होंने इस परियोजना के लिए सभी में उत्साह बताया।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि भगवान जागेश्वर नाथ जी की कृपा से ही दमोह को विधायक और प्रदेश को ऐसे मंत्री मिले हैं, जिनकी सबको आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि बांदकपुर कॉरिडोर का लंबे समय से इंतजार था, और अब मुख्यमंत्री के आगमन से यह साकार होने जा रहा है। उन्होंने 9 मई को मुख्यमंत्री के बांदकपुर आगमन और भूमि पूजन को एक बड़ी सौगात बताया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।
बांदकपुर कॉरिडोर का 9 मई को होगा भूमि पूजन, भव्यता का साक्षी बनने का आह्वान..



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..