दमोह में मातृ-मृत्यु मामले में बड़ी कार्रवाई — लापरवाही के चलते संविदा चिकित्सक डॉ. गीतांजलि सिद्दम की सेवाएं समाप्त
दमोह, 10 मई 2025: जिले में मातृ-मृत्यु के एक संवेदनशील मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। ग्राम गैसाबाद, विकासखंड हटा निवासी 20 वर्षीय शायबा बी की 15 मार्च 2025 को हुई मृत्यु की जांच में लापरवाही सामने आने पर संविदा स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. गीतांजलि सिद्दम की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं।
कलेक्टर एवं जिला स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष श्री सुधीर कुमार कोचर द्वारा इस मामले की गहन समीक्षा के बाद पाया गया कि डॉ. सिद्दम ने अपने कर्तव्यों का समुचित पालन नहीं किया। केशशीट में की गई ओवर राइटिंग और तथ्यों की कूट रचना के कारण मामले की गंभीरता और बढ़ गई।
कलेक्टर द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि डॉ. सिद्दम ने ऑन-कॉल ड्यूटी के दौरान स्टाफ नर्स के फोन कॉल्स का उत्तर नहीं दिया और अस्पताल में देर से पहुंचीं, जिससे पीड़िता को समय पर आवश्यक इलाज नहीं मिल सका। इसके अतिरिक्त, उन्होंने मरीज की मृत्यु के बाद ही केशशीट पर विवरण भरने की कोशिश की, जिससे उनका गैर-जिम्मेदाराना रवैया उजागर हुआ।
राज्य स्तर पर भी जांच के बाद यह पुष्टि हुई कि डॉ. सिद्दम की लापरवाही ही इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का कारण बनी। इसके मद्देनज़र, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मानव संसाधन मैन्युअल 2025 के अंतर्गत उनकी संविदा सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। साथ ही, राज्य स्तर पर भी इस मामले को समुचित अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए भेजा गया है।


More Stories
जर्जर धर्मशाला को तत्काल खाली कराकर गिराने की मांग, हादसे की आशंका जताई..
ग्वाल बाबा मंदिर में हवन-पूजन के बाद निकली भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव शोभायात्रा..
मिथ्याछाप पनीर बेचने पर 40 हजार रुपये का जुर्माना, हटा के फूलचंद यादव पर कार्रवाई..