तेज रफ्तार ट्रक ने मारी ट्रैक्टर को टक्कर, एक की मौत, तीन घायल — नीमन तिराहे पर हुआ दर्दनाक हादसा
दमोह | बटियागढ़ | 3 जुलाई 2025
बटियागढ़ थाना क्षेत्र के नीमन तिराहे पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार ट्रक ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिंद्रा ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार लोग शहजादपुरा से ईंट भरकर बटियागढ़ की ओर आ रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर नीमन तिराहे के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार कैलाश पटेल की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही बटियागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक व घायलों को तत्काल बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि धर्मेंद्र कटारे भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि दुर्घटना के समय सड़क पर यातायात के हालात कैसे थे और ट्रक की गति कितनी तेज थी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नीमन तिराहे पर ट्रैफिक नियंत्रण के लिए चिन्हांकन, स्पीड ब्रेकर और संकेतक लगाए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..