पूर्व मंत्री एवं दमोह विधायक जयंत मलैया ने लिया जिला अस्पताल का जायजा..

Spread the love

पूर्व मंत्री एवं दमोह विधायक जयंत मलैया ने लिया जिला अस्पताल का जायजा
अधिकारियों संग की बैठक, मरीजों से मिले, दी व्यवस्थाएँ सुधारने के निर्देश

दमोह।
पूर्व मंत्री एवं दमोह विधायक जयंत कुमार मलैया ने शुक्रवार को जिला अस्पताल दमोह का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत की और अस्पताल की व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मलैया ने भोजन व्यवस्था, डायलिसिस यूनिट, तथा भवन विस्तार कार्य सहित समस्त व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में अस्पताल में 6 डायलिसिस मशीनें संचालित हैं। उन्होंने मरीजों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता का भी अवलोकन किया।

विधायक मलैया ने कहा कि दमोह जिला अस्पताल का विस्तार अत्यंत आवश्यक है। इस संबंध में भोपाल स्तर पर चर्चा की जा चुकी है। उन्होंने जानकारी दी कि 100 बिस्तरों वाले नए अस्पताल भवन के निर्माण की योजना प्रगति पर है, वहीं 50 बिस्तरों का नया भवन तैयार हो चुका है, जिसका उन्होंने निरीक्षण भी किया।

उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद पटेल से अस्पताल की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के निर्देश दिए। श्री मलैया ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा एक नोबल प्रोफेशन है, जिसे समाज में सबसे अधिक मान और सम्मान प्राप्त है।

विधायक ने बताया कि वे 10 दिन बाद पुनः दमोह आकर अस्पताल सहित अन्य विभागीय कार्यों का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी से दूरभाष पर चर्चा कर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर महेश पटेल, राजेंद्र सिंघाई, आलोक गोस्वामी, अखिलेश हजारी, अमरदीप जैन लालू, विशाल शिवहरे, मोंटी रैकवार, संतोष रोहित, भरत यादव, संदीप यादव, मोनू राजपूत, हरि रजक, गोलू साहू, एसडीएम आर. एल. बागरी, सीएसपी एच. आर. पाण्डे, वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश राय, टीआई मनीष कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com