एसआईआर सर्वे पर भाजपा की बड़ी बैठक.. भवन के निर्माण से ग्रामवासियों को विभिन्न सुविधाएं प्राप्त होगी-राज्यमंत्री लोधी..जननायक महोत्सव में हुआ ‘राजा पेमलशाह’ नृत्य–नाटिका का भव्य मंचन..

Spread the love

एसआईआर सर्वे पर भाजपा की बड़ी बैठक: मंत्री लोधी ने कहा- ‘यही परीक्षा की घड़ी’, सांसद बोले- ‘इसी सूची से होंगे पंच से पार्लियामेंट तक चुनाव’

​दमोह । आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की तेंदूखेड़ा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक वर्तमान में चल रहे एसआईआर (Special Summary Revision) सर्वे पर केंद्रित थी, जिसका उद्देश्य त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना है।
​डाक्टर जेपी खरे के अस्पताल सभा हॉल में आयोजित इस बैठक में राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, सांसद राहुल सिंह, और जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे सहित तीनों मंडलों—तेंदूखेड़ा, तारादेही, और तेजगढ़—के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जवेरा विधानसभा प्रदेश में प्रथम
​राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एसआईआर सर्वे में जवेरा विधानसभा क्षेत्र वर्तमान में प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने बताया कि लगभग 92 प्रतिशत सर्वे कार्य पूरा हो चुका है, और केवल 8 प्रतिशत काम ही शेष है।
​”अब यही परीक्षा की घड़ी है,” मंत्री लोधी ने कहा। “अब ऐसे लोग बचे हैं जो बाहर काम करने गए हैं या फिर बाहरी हैं। हमारे कार्यकर्ताओं को अब इस शेष 8 प्रतिशत पर ही ध्यान देना है। जो मतदाता क्षेत्रीय हैं, उनका निरीक्षण कर नाम जुड़वाना है और बाहरी लोगों पर भी पैनी नजर रखनी है।”

‘एक ही मतदाता सूची’ का महत्व
​सांसद राहुल सिंह ने एसआईआर सर्वे के महत्व को रेखांकित करते हुए स्पष्ट किया कि अब यह मतदाता सूची कितनी महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जो एक ही मतदाता सूची बनेगी, उसी सूची से पंच से लेकर पार्लियामेंट (सांसद) तक के सभी चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। इसलिए, सूची का सही होना अत्यंत आवश्यक है।

बचे हैं सिर्फ 7 दिन
​एसआईआर के जिला प्रभारी सदानंद गौतम ने संगठन को सक्रिय करते हुए बताया कि सर्वे के लिए सिर्फ 7 दिन शेष बचे हैं। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे तुरंत अपने-अपने शक्ति केंद्रों पर जाकर सभी कार्यकर्ताओं की बैठक लें और शेष बचे नामों का त्वरित परीक्षण करें।
​जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे ने विधानसभा के पुराने चुनावों और वर्तमान मतदाता संख्या की तुलना करते हुए कहा कि इस बार मतदाताओं की संख्या बढ़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि कोई भी स्थानीय मतदाता छूटना नहीं चाहिए।

प्रमुख उपस्थिति
​बैठक का संचालन चेतन जैन ने किया। इस दौरान तेंदूखेड़ा मंडल अध्यक्ष संतकुमार पाल, तेजगढ़ से संग्राम सिंह, तारादेही से मनोहर लोधी, जिला महामंत्री अरुण तिवारी, जिला मंत्री भारत सिंह, विनीता कुलशते, अनिता सिंह, रश्मि साहू, मोहिनी ठाकुर, किसान मोर्चा के गोविंद यादव सहित तीनों मंडलों के वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

भवन के निर्माण से ग्रामवासियों को विभिन्न सुविधाएं प्राप्त होगी-संस्कृति राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी…

37.50 लाख रुपये से निर्मित होने वाले पंचायत भवन का किया भूमिपूजन

दमोह। प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने दमोह जिले की जबेरा विधानसभा अंतर्गत जनपद तेंदूखेड़ा के ग्राम पौड़ी में 37.50 लाख रुपये की लागत से निर्माण होने वाले पंचायत भवन का भूमिपूजन किया। इस दौरान नवनिर्मित उपस्वास्थ्य केंद्र का राज्यमंत्री लोधी ने निरीक्षण किया।

        राज्यमंत्री लोधी ने कहां इस भवन के निर्माण से ग्रामवासियों को विभिन्न सुविधाएं प्राप्त होगी। इस भवन का क्षेत्रफल 3506.38 वर्गफिट है, जिससे पेवर ब्लॉक, मीटिंग हाल,वैटिंग हाल, ग्राम रोजगार सहायक कक्ष, सचिव कक्ष, जनप्रतिनिधि हाल,स्टोर रूम गैलरी, शौचालय, किचन का निर्माण कार्य किया जाएगा।

        इस अवसर पर मूरत सिंह लोधी, मनोहर सिंह लोधी, सरपंच बसोरी लोधी, उपयंत्री राजसाब सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्राम वासियों की उपस्थिति रही।

जननायक महोत्सव में हुआ ‘राजा पेमलशाह’ नृत्य–नाटिका का भव्य मंचन सिंग्रामपुर और मडियादो में 26–28 नवंबर तक तीन दिवसीय जननायक महोत्सव का शुभारंभ..

दमोह।जिले के जबेरा जनपद के ग्राम सिंग्रामपुर और हटा विकासखंड के ग्राम मड़ियादो में तीन दिवसीय जननायक महोत्सव का शुभारंभ परंपरागत उत्साह के साथ हुआ। महोत्सव की शुरुआत सिंग्रामपुर में मुख्य अतिथि सत्येन्द्र सिंह और विशिष्ट अतिथि रूपेश सेन द्वारा कलाकारों का स्वागत कर की गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं आसपास के क्षेत्रों के लोग महोत्सव में शामिल हुए।

---गोंड जनजाति की सांस्कृतिक, शौर्यपरक और आध्यात्मिक परंपराओं की शानदार प्रस्तुतियांजननायक महोत्सव का उद्देश्य गोंड जनजाति की सांस्कृतिक विरासत, शौर्यगाथाओं और आध्यात्मिक परंपराओं को मंच के माध्यम से जीवंत करना है। मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन द्वारा परिकल्पित यह महोत्सव गौड़ साम्राज्य के 52 में से पहले चरण के 30 गढ़ों में आयोजित किया जा रहा है।महोत्सव में तीन नृत्य-नाटक शामिल हैं, जिनमें दो आख्यान आधारित और एक ऐतिहासिक प्रस्तुति है। इनके निर्देशन एवं पुनर्संयोजन का कार्य श्री रामचंद्र सिंह, श्री नवीन सिंह श्याम और श्री आशीष पटेल द्वारा किया गया है।

---आज की मुख्य प्रस्तुति — राजा पेमलशाहकार्यक्रम की मुख्य आकर्षण रही राजा पेमलशाह की नृत्य–नाटिका, जिसमें गोंड समाज के महान प्रतापी राजा के जीवन, शौर्य और संघर्ष को दर्शाया गया। कथा के अनुसार—ब्रह्मा द्वारा सृष्टि निर्माण के बाद संसार के भरण-पोषण का दायित्व स्वीकार करने वाले गोंड समुदाय से राजा पेमलशाह का उदय होता है। चार भाइयों—शंकर शाह, दलपत शाह, बुढ़न शाह और दूधन शाह—के साथ पेमलशाह अपने राज्य को सूखे और अकाल से उबारते हैं। उनकी कर्मठता से प्रभावित होकर दिल्ली का बादशाह उन्हें गढ़ मंडला और चौरा दादर को पुनः बसाने का दायित्व सौंपता है।नृत्य-नाटिका में गोंड परंपरा, प्रकृति के प्रति सम्मान, सामूहिकता, वीरता और देव परंपरा को मनोहारी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे।

---ग्रामवासियों का उत्साह, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थितिमडियादो और सिंग्रामपुर में आयोजित प्रस्तुतियों के दौरान अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नागरिकों ने उपस्थिति दर्ज कर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में एसडीएम राकेश मरकाम, सीईओ संजीव गोस्वामी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष राजकुमारी छिरौल्या, सरपंच राधा रानी रामकरण अहिरवार, थाना प्रभारी शिवांगी गर्ग, डॉ. रामगोपाल सोनी, मीना ज्ञानेश सोनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।महोत्सव के दूसरे और तीसरे दिन भी गोंड समुदाय की परंपराओं, वीरता और ऐतिहासिक गौरव को प्रदर्शित करने वाली प्रस्तुतियां मंचित की जाएंगी।


About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com