होम गार्ड एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस पर जवानों का उत्कृष्ट प्रदर्शन,
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने ली परेड की सलामी
दमोह। होमगार्ड ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस समारोह गरिमामयी माहौल में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने परेड की सलामी ली और जवानों द्वारा प्रस्तुत शानदार मार्चपास्ट की सराहना की।
कलेक्टर श्री कोचर ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले एक–डेढ़ वर्ष में होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों ने बाढ़ राहत, गर्भवती महिलाओं का रेस्क्यू, आपात स्थितियों में जीवनरक्षा, तथा विसर्जन व्यवस्थाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय सेवा दी है। उन्होंने कहा कि “आपदा के समय तत्परता और सामाजिक उत्तरदायित्व का जो उदाहरण होमगार्ड ने प्रस्तुत किया है, वह प्रशंसनीय है। मैं सभी जवानों और स्वयंसेवकों को हार्दिक बधाई देता हूँ।”
कलेक्टर ने बताया कि जिले के विद्यालयों और महाविद्यालयों में आयोजित आपदा जागरूकता शिविर विद्यार्थियों को सुरक्षा उपायों की जानकारी देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, और यह पहल अत्यंत सराहनीय है।
एसडीईआरएफ प्रदर्शनी का अवलोकन
समारोह के दौरान एसडीईआरएफ टीम द्वारा आपदा प्रबंधन से संबंधित आधुनिक उपकरणों और बचाव सामग्री की प्रदर्शनी लगाई गई। कलेक्टर कोचर ने प्लाटून कमांडर प्राची दुबे एवं जोगेश विश्वकर्मा के साथ प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और उपकरणों के नियमित प्रशिक्षण एवं उपयोग पर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
प्रतिभाओं का सम्मान
स्थापना दिवस के अवसर पर प्लाटून कमांडर हर्ष कुमार जैन ने बताया कि 79वें स्थापना दिवस पर आयोजित परेड में विभाग के सैनिकों, मेधावी छात्र-छात्राओं, NCC कैडेट्स तथा नागरिक सुरक्षा बल के सदस्यों को कलेक्टर श्री कोचर ने प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. आलोक सोनवलकर ने किया।
समारोह जिलेभर में उत्साह के साथ मनाया गया।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..