नर्स विवाद से चर्चा में आए युवक ने दी जान; पन्ना के टपरियन गांव में फंदे से झूला महेंद्र लोधी..

Spread the love

नर्स विवाद से चर्चा में आए युवक ने दी जान; पन्ना के टपरियन गांव में फंदे से झूला महेंद्र लोधी

दमोह-पन्ना सीमा पर नर्स के साथ मारपीट और काउंटर केस के बाद सुर्खियों में आया था मृतक; सोशल मीडिया पर न्याय की मांग तेज

सिमरिया/रनेह।

पन्ना जिले के सिमरिया थाना अंतर्गत ग्राम टपरियन में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान महेंद्र सिंह लोधी के रूप में हुई है, जो पिछले वर्ष रनेह स्वास्थ्य केंद्र की एक नर्स के साथ हुए विवाद और उसके बाद चले कानूनी घटनाक्रम के कारण पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ था।

पुरानी रंजिश या मानसिक तनाव?

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार (6 फरवरी) को महेंद्र सिंह लोधी ने अपने ही घर में अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। जैसे ही यह खबर सोशल मीडिया पर पहुंची, लोगों ने इसे पुराने विवाद से जोड़ना शुरू कर दिया। कई युवाओं ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से मृतक के लिए न्याय की मांग की है।

क्या था रनेह का चर्चित विवाद?

​यह पूरा मामला 9 जून 2025 को शुरू हुआ था, जब महेंद्र लोधी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रनेह आया था।

नर्स की रिपोर्ट: नर्स नीलिमा यादव ने आरोप लगाया था कि महेंद्र ने उनके साथ अभद्रता की, हाथ पकड़ा और शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस पर रनेह थाने में महेंद्र के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं (अपराध क्र. 54/25) में मामला दर्ज हुआ था। बस वाला वीडियो: घटना के तुरंत बाद एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें नर्स नीलिमा यादव एक बस के भीतर महेंद्र को पीटते और गालियां देते दिखी थीं। पुलिस ने इस वीडियो के आधार पर नर्स के विरुद्ध भी मारपीट और गाली-गलौज का मामला दर्ज किया था। दोनों मामले फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन थे।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

​महेंद्र की मौत के बाद सोशल मीडिया पर एक नई बहस शुरू हो गई है। लोगों का आरोप है कि नर्स के साथ हुए उस विवाद और उसके बाद की कानूनी प्रक्रियाओं के कारण महेंद्र मानसिक दबाव में था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के सटीक कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा।

पुलिस का पक्ष

​इस संबंध में पुलिस प्रशासन का कहना है कि मृतक महेंद्र सिंह लोधी की आत्महत्या के मामले में चौकी हरदुआ (थाना सिमरिया, जिला पन्ना) द्वारा मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में हुए विवाद में दोनों पक्षों पर निष्पक्ष कार्रवाई की गई थी और चालान न्यायालय में पेश किया जा चुका था।

पुलिस की अपील

सिमरिया पुलिस ने क्षेत्र के युवाओं और नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी या उत्तेजक पोस्ट साझा न करें। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com