‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान का सफल समापन, दमोह पुलिस ने जिलेभर में जगाई साइबर सुरक्षा की अलख
एसपी आनंद कलादगि ने विद्यार्थियों को दिलाई साइबर जागरूकता की शपथ, ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए प्रभावी उपाय
दमोह। मध्यप्रदेश पुलिस के निर्देशानुसार जिलेभर में संचालित “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान का बुधवार को सफल समापन हुआ। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) के मार्गदर्शन में चले इस अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों, स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों तथा ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान साइबर जागरूकता रैलियां, मैराथन, नुक्कड़ सभाएं, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में संवाद कार्यक्रम तथा विभिन्न सामाजिक समूहों के साथ जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। सोशल मीडिया, पोस्टर, बैनर और पंपलेट के माध्यम से भी लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया।
अभियान के समापन अवसर पर श्री गुरुनानक हायर सेकेंडरी स्कूल, दमोह में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप से अवगत कराया। उन्होंने फर्जी लिंक, ओटीपी और बैंकिंग फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, क्यूआर कोड स्कैम, फेक कॉल तथा अन्य ऑनलाइन ठगी से बचने के व्यावहारिक उपाय विस्तार से बताए।
इस अवसर पर एसपी ने विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को साइबर जागरूकता की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में प्रत्येक नागरिक का साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होना बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने अपील की कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करे तथा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।



More Stories
ई-अटेंडेंस की सख्ती के खिलाफ शिक्षकों का प्रदर्शन, क्रमोन्नति और डीए एरियर सहित कई मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन..
विश्व हिंदू परिषद ने किया टीम उम्मीद का भव्य सम्मान, 51वें स्वच्छता अभियान के साथ प्लास्टिक मुक्त हुआ बेलाताल..
जनसुनवाई में 257 आवेदनों पर हुई सुनवाई, अधिकारियों ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश..