दमोह में आज युवा संगम रोजगार मेला, 8वीं पास से स्नातकोत्तर तक के युवाओं को मिलेगा अवसर..

Spread the love

दमोह में आज युवा संगम रोजगार मेला, 8वीं पास से स्नातकोत्तर तक के युवाओं को मिलेगा अवसर

कई कंपनियों में 1,082 पदों पर भर्ती प्रस्तावित, रोजगार के साथ अप्रेंटिसशिप और स्वरोजगार का भी मिलेगा मार्गदर्शन

दमोह। जिले के युवाओं को रोजगार, अप्रेंटिसशिप और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय दमोह में ‘युवा संगम’ रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिस मेला आयोजित किया जाएगा। मेला सुबह 11 बजे से शुरू होगा। प्रदेश शासन के तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग तथा कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देशानुसार आयोजित इस मेले में विभिन्न कंपनियां युवाओं को रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराने के लिए शामिल होंगी।

जिला रोजगार अधिकारी के अनुसार मेले में 18 से 40 वर्ष की आयु के आवेदक भाग ले सकेंगे। इसमें निजी क्षेत्र की कंपनियों में नौकरी के साथ अप्रेंटिसशिप और स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी एवं मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। विभिन्न शैक्षणिक योग्यताओं वाले युवाओं के लिए अलग-अलग पदों पर भर्ती प्रस्तावित है, जिससे आठवीं पास से लेकर स्नातक और स्नातकोत्तर तक के अभ्यर्थियों को अवसर मिल सकेगा।

इन कंपनियों में भर्ती के अवसर

मेले में शामिल होने वाली संभावित कंपनियों में क्योस कॉर्प द्वारा प्रशिक्षु के 400 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। इसके लिए आईटीआई एवं स्नातक योग्यताधारी आवेदन कर सकेंगे। धूत ट्रांसमिशन लिमिटेड में आईटीआई योग्यताधारी अभ्यर्थियों के लिए अप्रेंटिस एवं संविदा कर्मचारी के 150 पद प्रस्तावित हैं।

टाटा मोटर्स एवं जामनगर रिफाइनरी में अप्रेंटिस के 200 पदों के लिए आठवीं, दसवीं, बारहवीं, आईटीआई, पॉलीटेक्निक डिप्लोमा, स्नातक एवं स्नातकोत्तर योग्यताधारी अभ्यर्थियों को अवसर दिया जाएगा। कपास्टन सर्विस लिमिटेड में सुरक्षा गार्ड, सुपरवाइजर एवं फील्ड ऑफिसर के 150 पद प्रस्तावित हैं, जिनके लिए आठवीं, दसवीं, बारहवीं अथवा स्नातक योग्यता वाले अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।

दमोह स्थित हेडलबर्ग सीमेंट इंडिया लिमिटेड में इंस्ट्रूमेंट तकनीशियन एवं क्रशर अटेंडेंट के दो पदों पर आईटीआई योग्यताधारी अभ्यर्थियों के चयन की प्रक्रिया प्रस्तावित है। वहीं भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), दमोह में बीमा सलाहकार के 100 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। इसके लिए दसवीं, बारहवीं, स्नातक एवं स्नातकोत्तर योग्यताधारी आवेदन कर सकेंगे।

इसके अतिरिक्त पुष्कल एग्रोटेक लिमिटेड, दमोह में सेल्स एग्जीक्यूटिव के 30 पदों तथा सिटी जॉब दमोह में बिजनेस डेवलपमेंट एसोसिएट, सर्विस एसोसिएट एवं टीम लीडर के 50 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। इन पदों के लिए आठवीं, दसवीं, बारहवीं, स्नातक एवं स्नातकोत्तर योग्यताधारी अभ्यर्थी अपनी पात्रता के अनुसार भाग ले सकेंगे।

ये दस्तावेज लेकर पहुंचें अभ्यर्थी

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि मेले में शामिल होने वाले इच्छुक आवेदक अपने सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्र एवं अंकसूचियां, बायोडाटा, समग्र आईडी की छायाप्रति और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लेकर आएं। अभ्यर्थियों को मेले में उपस्थित होने से पहले पम्पलेट पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर प्री-रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करना चाहिए।

युवाओं के लिए निःशुल्क अवसर

युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिस मेले में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। जिला प्रशासन ने पात्र युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय दमोह पहुंचकर अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसरों का लाभ उठाएं। यह मेला युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें स्वरोजगार की दिशा में मार्गदर्शन देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

About The Author

You may have missed