सोशल मीडिया पर बंदूक से फायरिंग का वीडियो वायरल, कोतवाली पुलिस ने युवक के खिलाफ दर्ज किया मामला..
दमोह। सोशल मीडिया पर बंदूक से फायरिंग करते हुए एक युवक का वीडियो वायरल होने के मामले में दमोह कोतवाली पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज किया है। वायरल वीडियो में युवक बंदूक की नाल ऊपर की ओर करके लापरवाही और उतावलेपन में फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद युवक की पहचान कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ था, जिसमें एक युवक बंदूक से हवाई फायरिंग करता नजर आ रहा था। वीडियो में बंदूक की नाल के आसपास धुआं भी दिखाई दे रहा था। इस प्रकार की लापरवाहीपूर्ण फायरिंग से मानव जीवन एवं आम नागरिकों की व्यक्तिगत सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दमोह श्री आनंद कलादगि (IPS) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने वायरल वीडियो की तत्काल जांच शुरू की।
जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान दीपेश सोनी निवासी बगिया मोहल्ला दमोह के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, यह घटना 9 नवंबर 2026 की रात्रि करीब 10:30 बजे की है। युवक का यह कृत्य मानव जीवन को संकट में डालने वाला पाए जाने पर थाना कोतवाली दमोह में अपराध क्रमांक 991/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक दमोह ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली आपत्तिजनक एवं गैरकानूनी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने और ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले गैरकानूनी कृत्यों को गंभीरता से लिया जाएगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


More Stories
दमोह में जिला स्तरीय युवा संसद 2027 का आयोजन, निखिल सोनी ने हासिल किया प्रथम स्थान..
दमोह में बुजुर्ग के साथ बेरहमी से मारपीट का वीडियो वायरल, कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार..
दमोह कोतवाली पुलिस की बड़ी सफलता: पांच अपराधों में फरार इनामी आरोपी आकाश उर्फ डूठा गिरफ्तार..