दमोह जिला अस्पताल में ICU बेड को लेकर विवाद, गंभीर मरीज को भर्ती करने से इनकार का आरोप, जबलपुर रेफर करने की दी सलाह
डॉक्टर ने खुद बताई थी ICU में भर्ती करने की जरूरत, परिजनों का दावा- बेड खाली होने के बावजूद नहीं मिला उपचार, स्टाफ नर्स की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
दमोह। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और गंभीर मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। इस बार मामला आईसीयू में बेड उपलब्ध कराने को लेकर सामने आया है। ग्राम महेवा निवासी 60 वर्षीय पुरुषोत्तम पटेल को गंभीर हालत में परिजन दमोह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। यहां डॉक्टर ने मरीज की स्थिति को देखते हुए आईसीयू में भर्ती करने की सलाह दी, लेकिन परिजनों का आरोप है कि आईसीयू में मौजूद स्टाफ नर्स ने बेड खाली नहीं होने की बात कहकर मरीज को भर्ती करने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, परिजनों को मरीज को जबलपुर के एमसीएच अस्पताल ले जाने की सलाह भी दी गई। इस पूरे मामले के सामने आने के बाद जिला अस्पताल की आईसीयू व्यवस्था और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल उठने लगे हैं।
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचे थे 60 वर्षीय पुरुषोत्तम पटेल
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम महेवा निवासी 60 वर्षीय पुरुषोत्तम पटेल शुगर और ब्लड प्रेशर की समस्या से पीड़ित हैं। रविवार शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए दमोह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। मरीज की हालत गंभीर होने के साथ उन्हें सांस लेने में भी परेशानी हो रही थी। अस्पताल में डॉक्टर द्वारा जांच और प्रारंभिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए आईसीयू में भर्ती करने की आवश्यकता बताई गई थी।
परिजन डॉक्टर की सलाह पर मरीज को लेकर आईसीयू पहुंचे, लेकिन यहां उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। परिजनों का कहना है कि आईसीयू में मौजूद स्टाफ नर्स ने बेड खाली नहीं होने की बात कहते हुए मरीज को भर्ती करने से मना कर दिया। इसके बाद परिजन मरीज को लेकर इधर-उधर भटकते रहे और उन्हें जबलपुर रेफर करने की सलाह दी गई।
डॉक्टर ने कहा- मरीज को ICU में भर्ती करने की थी जरूरत
इस मामले में डॉक्टर मधुर जैन ने भी मरीज की गंभीर स्थिति की पुष्टि करते हुए बताया कि 60 वर्षीय पुरुषोत्तम पटेल अस्पताल पहुंचे थे। उन्हें हाइपोग्लाइसीमिया की समस्या थी और सांस लेने में भी परेशानी हो रही थी। मरीज की स्थिति को देखते हुए उन्हें आईसीयू में भर्ती करने की सलाह दी गई थी।
डॉक्टर के अनुसार, आईसीयू स्टाफ द्वारा बेड लीगल पेशेंट के लिए आरक्षित होने की बात कही गई और मरीज को हायर सेंटर एमसीएच जबलपुर रेफर करने के लिए कहा गया। डॉक्टर के इस बयान के बाद मामला और गंभीर हो गया है, क्योंकि जब मरीज की हालत को देखते हुए आईसीयू में भर्ती करने की आवश्यकता बताई गई थी, तो भर्ती की प्रक्रिया में अड़चन क्यों आई, यह जांच का विषय बन गया है।
बेटे प्रदीप पटेल ने लगाए गंभीर आरोप
मरीज के बेटे प्रदीप पटेल ने बताया कि रविवार शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच वह अपने पिता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। उनकी तबीयत काफी खराब थी और डॉक्टर ने तत्काल आईसीयू में भर्ती करने की सलाह दी थी। लेकिन जब वह पिता को लेकर आईसीयू पहुंचे तो वहां मौजूद स्टाफ नर्स ने बेड खाली नहीं होने की बात कहकर भर्ती करने से मना कर दिया।
प्रदीप पटेल का आरोप है कि आईसीयू में बेड खाली होने के बावजूद उनके पिता को भर्ती नहीं किया गया। इस कारण उन्हें पूरी रात परेशान होना पड़ा। परिजनों का कहना है कि जब डॉक्टर ने स्वयं मरीज को आईसीयू में भर्ती करने की आवश्यकता बताई थी, तब आईसीयू स्टाफ द्वारा भर्ती से इनकार करना समझ से परे है।
आईसीयू के बेड आरक्षित रखने की व्यवस्था पर सवाल
इस पूरे घटनाक्रम ने जिला अस्पताल की आईसीयू व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों के अनुसार, आईसीयू में बेड खाली दिखाई दे रहे थे, इसके बावजूद मरीज को भर्ती नहीं किया गया। वहीं डॉक्टर ने भी मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए आईसीयू में भर्ती करने की आवश्यकता बताई थी।
ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर आईसीयू के बेड किस आधार पर आरक्षित रखे गए थे? क्या किसी गंभीर मरीज को आवश्यकता होने पर भी आईसीयू में भर्ती करने से रोका जा सकता है? यदि बेड किसी अन्य मरीज के लिए आरक्षित थे, तो क्या इसकी जानकारी परिजनों को स्पष्ट रूप से दी गई थी? इन सभी बिंदुओं पर अस्पताल प्रबंधन की ओर से स्थिति स्पष्ट किया जाना जरूरी है।
अस्पताल प्रबंधन का पक्ष आना बाकी
जिला अस्पताल में सामने आए इस मामले ने स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी हकीकत पर चर्चा शुरू कर दी है। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचने वाले मरीज और उनके परिजन पहले से ही परेशान रहते हैं। ऐसे में आईसीयू में भर्ती को लेकर इस तरह की स्थिति सामने आना चिंता का विषय है।
फिलहाल इस मामले में अस्पताल प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आईसीयू के बेड वास्तव में खाली थे या किसी विशेष श्रेणी के मरीजों के लिए आरक्षित रखे गए थे। अब देखना होगा कि अस्पताल प्रबंधन इस मामले में क्या जांच करता है और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों पर क्या जवाब देता है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब डॉक्टर ने मरीज को आईसीयू में भर्ती करने की सलाह दी थी, तो आखिर मरीज को भर्ती क्यों नहीं किया गया? क्या जिला अस्पताल में गंभीर मरीजों के लिए आईसीयू की व्यवस्था उपलब्ध होने के बावजूद उन्हें बेहतर उपचार के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ेगा ?
इनका यह है कहना
सिविल सर्जन पहलाद पटेल एवं आरएमओ दिवाकर पटेल को कॉल किया , कॉल रिसीव नहीं किया गया अस्पताल प्रबंधक सुरेंद्र विक्रम सिंह का कहना है कि ऐसा विषय सामने आया है डॉक्टर मधुर जैन ने इसके लिए पत्राचार भी किया है मुझे भी कॉल आया था मैंने कहा इसमें आईसीयू के जो इंचार्ज है आपको उनसे बात करनी चाहिए और मुझे भी पत्र मिला था मैं भी आईसीयू इंचार्ज से बोला था कि सीरियस कंडीशन है तो पेशेंट को भर्ती कर ले जब स्टेबल हो जाय तो दूसरे वार्ड में भर्ती कर दे।


More Stories
दमोह में स्टेट हाईवे पर महिला की अस्मत से खिलवाड़ की कोशिश! 30 किलोमीटर तक पीछा कर कार को रोका, पति और दोस्तों से मारपीट, चार युवकों पर गंभीर आरोप..
दमोह में जिला स्तरीय युवा संसद 2027 का आयोजन, निखिल सोनी ने हासिल किया प्रथम स्थान..
दमोह में बुजुर्ग के साथ बेरहमी से मारपीट का वीडियो वायरल, कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार..