बांदकपुर में बनेगा 100 करोड़ का भव्य कॉरिडोर, 9 मई को भूमि पूजन..

Spread the love


बांदकपुर में बनेगा 100 करोड़ का भव्य कॉरिडोर, 9 मई को भूमि पूजन
दमोह: बांदकपुर स्थित प्रसिद्ध जागेश्वरनाथ मंदिर परिसर का कायाकल्प होने जा रहा है। संस्कृति राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने घोषणा की है कि बांदकपुर में 100 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा, जो पांच चरणों में पूरा होगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमि पूजन 9 मई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा।


इस अवसर पर दमोह विधायक जयंत मलैया ने इस परियोजना को अपना संकल्प बताते हुए कहा कि इसे उनके चुनाव घोषणा पत्र में भी शामिल किया गया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनते ही बांदकपुर लोक का निर्माण कार्य उनकी पहली प्राथमिकता रहा। उन्होंने अयोध्या, काशी और बनारस जैसे धार्मिक स्थलों के विकास के बाद पर्यटन में हुई वृद्धि का उदाहरण देते हुए उम्मीद जताई कि बांदकपुर कॉरिडोर बनने के बाद यहां भी पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।


विधायक जयंत मलैया ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 9 मई को लगभग 3:30 बजे बांदकपुर जागेश्वरनाथ पहुंचेंगे। उन्होंने पंचम नगर, सीतानगर और सतधरू के बाद बांदकपुर लोक के निर्माण को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
संस्कृति, पर्यटन, धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास (स्वतंत्र प्रभार) राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कॉरिडोर के निर्माण की विस्तृत योजना साझा करते हुए बताया कि यह परियोजना पांच चरणों में पूरी की जाएगी और पहले चरण के शुरू होते ही दूसरे चरण की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी जाएगी। उन्होंने गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न करने की बात स्पष्ट रूप से कही और विश्वास जताया कि उनके कार्यकाल में ही पांचों चरण पूरे कर लिए जाएंगे।


मंत्री लोधी ने बताया कि 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस कॉरिडोर के पहले चरण में मुख्य प्रवेश द्वार, सुगमता क्षेत्र, व्यवसायिक दुकानें, गौ-शाला, हवन क्षेत्र, पाथ-वे और लैंडस्केप जैसे कार्य शामिल होंगे। दूसरे चरण में मौजूदा भवन का नवीनीकरण, मंदिर परिसर और मंदिर के बाहरी क्षेत्र के कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने दोहराया कि पांच चरणों में यह भव्य कॉरिडोर निश्चित रूप से बनकर तैयार होगा।
इस परियोजना को स्थानीय विधायक जयंत मलैया, संस्कृति मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, सांसद राहुल सिंह लोधी, मंत्री लखन पटेल और विधायक उमादेवी खटीक सहित कई जनप्रतिनिधियों का संकल्प बताया गया है, जो बांदकपुर के विकास के लिए लंबे समय से प्रयासरत थे। अब उनकी यह परिकल्पना साकार होने जा रही है।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com