सड़क हादसों में घायलों को बचाने पर अब मिलेगा 25 हजार रुपये का इनाम..
प्रदेश में “राहवीर योजना” लागू, जन सहयोग से बचेंगी कीमती ज़िंदगियाँ..
दमोह।
सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की जान बचाने वाले नागरिकों को अब सरकार पुरस्कृत करेगी। भारत सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा शुरू की गई “राहवीर योजना” को मध्यप्रदेश में भी लागू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने योजना के क्रियान्वयन की घोषणा करते हुए बताया कि अब कोई भी व्यक्ति यदि सड़क दुर्घटना में घायल को गोल्डन-ऑवर (पहले एक घंटे के भीतर) के अंदर अस्पताल पहुंचाता है और उसकी जान बच जाती है, तो उसे ₹25,000 रुपये का नकद इनाम मिलेगा।
इससे पहले यह इनाम राशि ₹5,000 थी, जिसे अब पांच गुना बढ़ाया गया है। योजना को धरातल पर उतारने के लिए राज्य सरकार ने जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मंत्रिपरिषद का धन्यवाद ज्ञापित किया।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार पहले से ही 108 एम्बुलेंस और एयर एम्बुलेंस सेवाएं चला रही है, जो गंभीर घायलों के त्वरित उपचार हेतु समर्पित हैं। अब राहवीर योजना इन सेवाओं को और मजबूत करेगी।
इस योजना के तहत जब कोई नागरिक घायल को अस्पताल पहुंचाता है, तो अस्पताल प्रबंधन पुलिस को सूचित करेगा और संबंधित व्यक्ति को इसकी लिखित प्रति दी जाएगी। इसके बाद पुलिस द्वारा कलेक्टर को रिपोर्ट भेजी जाएगी। अंतिम रूप से सत्यापन के बाद परिवहन विभाग द्वारा इनाम की राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी।
यह योजना न केवल घायलों की जान बचाने में मददगार सिद्ध होगी, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और जागरूकता भी बढ़ाएगी। राज्य सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि इस योजना का लाभ उठाते हुए मानवता के इस कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लें।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..