दमोह के घने जंगल में दो बच्चों के क्षत-विक्षत शव बरामद – पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार..
दमोह। 22 मई 2025
दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत आदिवासी ग्राम बघातला में 14-15 मई को लापता हुए दो बच्चों के क्षत-विक्षत शव आज सुबह घने जंगल में बरामद हुए। पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि बच्चों की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज होने के बाद से ही पुलिस, प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थीं।
एसपी सोमवंशी ने बताया कि जंगल का इलाका तेंदूखेड़ा और जबेरा के बीच का है, जो अत्यधिक घना और दुर्गम है। कई बार स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कॉम्बिंग की गई थी। इसी सिलसिले में कुछ दिन पहले फॉरेस्ट टीम और एसडीएम तेंदूखेड़ा के साथ मिलकर योजना बनाई गई थी कि सघन जंगल की जांच कराई जाए। इसी क्रम में आज सुबह फॉरेस्ट रेंजर द्वारा सूचना दी गई कि जंगल के भीतर दो बच्चों के क्षत-विक्षत शव मिले हैं।
घटनास्थल से शवों के अवशेष बरामद कर उन्हें कब्जे में लिया गया है। सागर से फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है और बच्चों के शवों को सागर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जहां उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक सोमवंशी ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चों की मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच शुरू कर दी है।



More Stories
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
हथना में महर्षि स्कूल के प्यून की गोली मारकर हत्या, होली के दिन फैली सनसनी..
वर्षीय मासूम की हत्या के बाद इलाके में तनाव, नोहटा थाना की भूमिका पर उठे सवाल..