दमोह में 24 जून को होगा युवा संगम रोजगार मेला, 1500 से अधिक पदों पर होगी भर्ती..
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने युवाओं से आत्मनिर्भर बनने का किया आह्वान..
दमोह।
जिला प्रशासन दमोह द्वारा युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत अगला रोजगार मेला 24 जून को पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में आयोजित किया जा रहा है। इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 1500 से अधिक नौकरियाँ उपलब्ध कराई जाएंगी। यह मेला सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा।
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछली बार आयोजित युवा संगम, जो 27 और 28 मई को हुआ था, उसमें 2266 युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान किए गए थे। यह कार्यक्रम युवाओं के भविष्य को संवारने की दिशा में एक सशक्त पहल साबित हो रहा है।
इस बार रोजगार मेले में भाग लेने वाले युवाओं के लिए आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। शैक्षणिक योग्यता के तौर पर 12वीं पास और स्नातक उत्तीर्ण युवा आवेदन कर सकते हैं। कंपनियों द्वारा योग्यता के अनुसार ₹12,000 से ₹21,000 तक प्रारंभिक वेतन की पेशकश की जा रही है।
युवतियों के लिए विशेष अवसर
कलेक्टर कोचर ने विशेष रूप से बताया कि इस बार युवतियों के लिए सुनहरा अवसर है। जो महिलाएं आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं, उनके लिए कई प्रतिष्ठित निजी कंपनियों द्वारा ₹18,000 से ₹27,000 तक का प्रारंभिक वेतन प्रस्तावित किया गया है।
पंजीयन के लिए क्यूआर कोड और लिंक उपलब्ध
रोजगार मेले में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए क्यूआर कोड और लिंक जारी किए गए हैं। युवा वर्ग इनका उपयोग कर पूर्व पंजीयन करा सकते हैं और रोजगार के अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
कलेक्टर का युवाओं से आह्वान
कलेक्टर कोचर ने जिले के सभी युवा और युवतियों से अपील की है कि वे 24 जून को पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में भाग लें। यह एक ऐसा मंच है जहां से वे रोजगार की दिशा में पहला कदम बढ़ा सकते हैं और आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो सकते हैं।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
लुहर्रा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, किसान ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..