दमोह घंटाघर पर देर रात भारी पुलिस बल की मौजूदगी से हड़कंप, कांबिंग गश्त में कई वारंटी गिरफ्तार..
दमोह।
बीती रात दमोह जिले के घंटाघर क्षेत्र में भारी पुलिस बल की मौजूदगी से अचानक हड़कंप मच गया। देर रात बड़ी संख्या में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया, डीएसपी भावना दांगी, कोतवाली टीआई मनीष कुमार, देहात थाना टीआई रचना मिश्रा, अजाक प्रभारी आर. ए. सोनकर, जबलपुर नाका चौकी प्रभारी आनंद अहिरवाल, सब इंस्पेक्टर, प्रधान आरक्षक सहित वज्र वाहन और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे।

अचानक बड़ी संख्या में पुलिस को देखकर स्थानीय लोग हैरान रह गए और एक-दूसरे से पूछते नजर आए कि आखिर इतनी पुलिस बल एक साथ क्यों एकत्रित हुई है।
दरअसल, यह रात्रिकालीन कांबिंग गश्त (Combing Patrol) अभियान का हिस्सा था, जिसे दमोह पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देश पर अंजाम दिया गया। इस अभियान के तहत स्थाई वारंटी, गिरफ्तारी वारंट और जिला बदर किए गए व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

घंटाघर पर समस्त थाना प्रभारियों एवं बल को एकत्रित कर पुलिस अधीक्षक ने स्वयं मौजूद रहकर उन्हें दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक श्री सोमवंशी ने खुद हटा क्षेत्र पहुंचकर गश्त का निरीक्षण किया।

सूत्रों के अनुसार, दोपहर और शाम के समय भी कई स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी की गई है। यह अभियान जिले के सभी थाना क्षेत्रों और चौकियों में रात्रिकालीन गश्त के तहत लगातार चलाया जाएगा, ताकि अपराधियों पर शिकंजा कसा जा सके और आम जनता को सुरक्षा का भरोसा मिल सके।

पुलिस का यह कदम कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है। जिलेभर में इस सघन कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
लुहर्रा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, किसान ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..