आवासहीन गरीबों को बेदखल न करने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पथरिया ने सौंपा ज्ञापन
पथरिया (दमोह)। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पथरिया ने मंगलवार को तहसीलदार कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा, जिसमें वार्ड क्रमांक 15 के कच्चे आवासों में रह रहे अति-गरीब, दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के करीब 100 परिवारों को बेदखल न करने की मांग की गई।
पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष ठा. लक्ष्मण सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ये परिवार बीते 40-50 वर्षों से वार्ड क्रमांक 15 में निवासरत हैं। नगर परिषद पथरिया की सभी मूलभूत सुविधाएं, जैसे वॉटर सप्लाई लाइन, पानी की टंकी और अन्य सेवाएं, इन तक पहुँच रही हैं। अधिकांश परिवारों के राशन कार्ड बने हैं और वे क्षेत्र के मतदाता भी हैं।
लक्ष्मण सिंह ने चेतावनी दी कि यदि इन अति-गरीब परिवारों को उनके आवासों से बेदखल करने की कोई भी कोशिश की गई, तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पथरिया बड़ा जनआंदोलन करेगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इन लोगों को बेदखल न किया जाए, बल्कि उन्हें पट्टे प्रदान कर विधिवत आवास का अधिकार दिया जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस किसान अध्यक्ष रत्नेश सोनी, पार्षद हेमराज, प्रभु दयाल, पूरन पटेल, एडवोकेट नरेश राठौर, अर्पित शुक्ला, मोनू विश्वकर्मा, एड. बलराम वाल्मीकि समेत कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में वार्ड क्रमांक 15 के आवासहीन पुरुष व महिलाएं उपस्थित रहीं।


More Stories
जर्जर धर्मशाला को तत्काल खाली कराकर गिराने की मांग, हादसे की आशंका जताई..
ग्वाल बाबा मंदिर में हवन-पूजन के बाद निकली भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव शोभायात्रा..
मिथ्याछाप पनीर बेचने पर 40 हजार रुपये का जुर्माना, हटा के फूलचंद यादव पर कार्रवाई..