वीरांगना रानी दुर्गावती ने सर्व समाज की रक्षा की, उनका जीवन प्रेरणा स्रोत है – संस्कृति राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह
हमें रानी दुर्गावती के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए, पश्चिमी सभ्यता छोड़नी चाहिए – सांसद राहुल सिंह
राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह और सांसद राहुल सिंह ने सिंग्रामपुर में प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
दमोह, 24 जून 2025।
गोंडवाना साम्राज्य की महान वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर मंगलवार को सिंग्रामपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश सरकार के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी एवं सांसद राहुल सिंह ने रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा, “हम सौभाग्यशाली हैं कि जबेरा विधानसभा के सिंग्रामपुर जैसे ऐतिहासिक स्थान पर रानी दुर्गावती ने शासन किया और सर्व समाज की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुईं। उन्होंने किसी एक समाज नहीं, बल्कि पूरे समाज की रक्षा के लिए बलिदान दिया। हम सबको उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।”
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा आदिवासी समाज के उत्थान हेतु अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। “धरती आबा योजना के अंतर्गत जबेरा जनपद के 113 गांवों के लिए 242 करोड़ रुपये की योजना केंद्र सरकार को भेजी गई है। इसी तरह तेंदूखेड़ा जनपद के 114 गांव चिन्हित किए गए हैं।” उन्होंने सिंग्रामपुर और नोहटा में एक-एक करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम निर्माण की जानकारी भी दी। साथ ही जबेरा विधानसभा को प्रदेश की नंबर एक विधानसभा बनाने का संकल्प दोहराया।

सांसद राहुल सिंह ने कहा कि “हमें पश्चिमी सभ्यता को त्यागकर रानी दुर्गावती जैसे महान व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उनके जीवन चरित्र से हमें देशभक्ति, पराक्रम और समाज सेवा की शिक्षा मिलती है।” उन्होंने बताया कि जबेरा विधानसभा क्षेत्र में निशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की जा रही है जिससे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके और वे भविष्य में डॉक्टर, कलेक्टर, इंजीनियर बन सकें।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनीता सिंह, भावसिंह मासाब, संग्राम सिंह, खड़क सिंह मासाब, राजा भैया, विवेक शाह, सुनील शाह, राजा साहब गुबरा, बंटी दुबे, मंदीप यादव, सतपाल सिंह, रिंकू जैन, संतकुमार पाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..