बटियागढ़ को विकास की बड़ी सौगात: 7.95 करोड़ की लागत से संयुक्त तहसील भवन का लोकार्पण, आयुष अस्पताल का भूमिपूजन
दमोह/ बटियागढ़ |
प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विकास राज्यमंत्री लखन पटेल और दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी के मुख्य आतिथ्य में आज बटियागढ़ क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित संयुक्त तहसील भवन का लोकार्पण किया गया। करीब 7 करोड़ 95 लाख की लागत से बने इस नवनिर्मित भवन के उद्घाटन के साथ क्षेत्र के नागरिकों को एक बड़ी सौगात प्राप्त हुई है। इस मौके पर पिपरोधा में 46 लाख की लागत से बनने वाले आयुष चिकित्सालय भवन का भूमिपूजन भी सम्पन्न हुआ।

विकास की कड़ी में जुड़ा एक और अध्याय: राज्यमंत्री पटेल
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए राज्यमंत्री लखन पटेल ने कहा, “आज का दिन बटियागढ़ के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक क्षण है। यह भवन न केवल सरकारी सेवाओं की सुगमता बढ़ाएगा, बल्कि आने वाले समय में क्षेत्र की तरक्की की नई इबारत लिखेगा। बटियागढ़ को नगर पंचायत बनाने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी होगी, जिससे विकास कार्यों में और अधिक तेजी आएगी।”

उन्होंने बताया कि 5.47 करोड़ की लागत से जनपद कार्यालय का निर्माण भी जल्द शुरू होगा और एक ही परिसर में तहसील, जनपद, अस्पताल और अन्य विभागीय कार्यालय एक साथ संचालित होंगे। इसके अलावा जूड़ी नदी पर बनकर तैयार डेम से लगभग 15,000 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई सुनिश्चित होगी।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने बताया समुचित विकास सरकार का उद्देश्य
दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि बटियागढ़ में 100% पेयजल पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है और आने वाले समय में यह क्षेत्र हरियाली व समृद्धि का प्रतीक बनेगा। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे अपनी भूमि न बेचें, क्योंकि विकास की योजनाएं आने वाले समय में उनके लिए वरदान साबित होंगी।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया ऐतिहासिक दिन
जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल ने इस भवन को बटियागढ़ के विकास का मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि अब नागरिकों को सरकारी कार्यों के लिए बार-बार इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा।
सम्मान और सराहना
पिपरोधा आयुष अस्पताल हेतु भूमि दान करने वाले स्व. सूरत सिंह उर्फ मुन्ना दाऊ के पुत्र का राज्यमंत्री पटेल और सांसद लोधी द्वारा पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया गया।
67 नई सड़कें और आवास योजनाएं
राज्यमंत्री पटेल ने जानकारी दी कि क्षेत्र में 67 नई सड़कों की स्वीकृति दी गई है और सरकार की योजना है कि प्रत्येक गांव में पक्के आवास और सड़कें पहुंचाई जाएं। सिंचाई योजनाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।
पर्यावरण संरक्षण की पहल
कार्यक्रम स्थल पर पौधारोपण अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर राज्यमंत्री पटेल, सांसद लोधी, कलेक्टर सुधीर कोचर और अन्य अतिथियों ने भाग लिया।
जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, ग्रामीणजन एवं मीडियाकर्मी मौजूद रहे। संचालन माधव पटेल द्वारा किया गया, जबकि तहसीलदार योगेंद्र चौधरी ने आभार व्यक्त किया।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..