बांदकपुर में एकादश दिवसीय लघु रुद्रात्मक रुद्राभिषेक का शुभारंभ 25 जुलाई से, गोवर्धन पर्वत पर होगा वृक्षारोपण..
– नर्मदा जल और इमरती कुंड के जल से होगा विशेष रुद्राभिषेक, पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश
बांदकपुर (दमोह)। श्री देव जागेश्वर नाथ धाम, बांदकपुर में 25 जुलाई शुक्रवार से 4 अगस्त तक प्रति वर्षानुसार आयोजित होने वाले एकादश दिवसीय लघु रुद्रात्मक रुद्राभिषेक का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। यह आयोजन मंदिर परिसर स्थित यज्ञशाला में पूर्ण वैदिक रीति से संपन्न होगा।
मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक पंडित रामकृपाल पाठक एवं प्रवक्ता पंडित रवि शास्त्री महाराज ने जानकारी दी कि प्रतिदिन ग्यारह विद्वान ब्राह्मणों द्वारा रुद्राष्टाध्यायी का पाठ कर रुद्राभिषेक कराया जाएगा। इस विशेष अनुष्ठान के माध्यम से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और पुण्य प्राप्ति का श्रेष्ठ अवसर होगा।
विशेष व्यवस्था:
मंदिर ट्रस्ट के सचिव पंकज हर्ष श्रीवास्तव ने बताया कि रुद्राभिषेक की संपूर्ण तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस बार रुद्राभिषेक नर्मदा जल एवं इमरती कुंड के शुद्ध जल से संपन्न होगा, जिससे इस अनुष्ठान की पवित्रता और महत्व और भी बढ़ जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश: गोवर्धन पर्वत पर वृक्षारोपण
रुद्राभिषेक के समापन के उपरांत, यजमानों द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गोवर्धन पर्वत पर वृक्षारोपण किया जाएगा। यह वृक्षारोपण न केवल धार्मिक परंपरा का हिस्सा है, बल्कि प्रकृति संरक्षण और हरित संदेश को भी जन-जन तक पहुँचाने का एक प्रेरक प्रयास है।
श्रद्धालुजन एवं भक्तों से अनुरोध किया गया है कि वे इस पावन अवसर पर रुद्राभिषेक में भाग लें, भगवान श्री जागेश्वरनाथ जी के दिव्य दर्शन करें और वृक्षारोपण जैसे पुण्य कार्य में भी सहभागिता निभाकर धार्मिक और सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वाह करें।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..