बाहरी संदिग्धों की तलाश में रातभर सक्रिय रही पुलिस
20 से अधिक संदिग्धों की हुई पहचान, बंगाली या बांग्लादेशी होने को लेकर उलझी गुत्थी
दमोह।
जिले में लगातार सामने आ रहे बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। रविवार की रात पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान देहात थाना क्षेत्र के मारुताल में एक मकान से 20 से अधिक संदिग्ध लोग पकड़े गए, जिनकी पहचान को लेकर पुलिस अभी जांच में जुटी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आम नागरिकों से सूचना मिली कि मारुताल टोल नाके के पास एक मकान में बड़ी संख्या में बाहरी लोग रह रहे हैं। सूचना मिलते ही जबलपुर नाका चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की। प्राथमिक जांच में ये सभी लोग खुद को बंगाली मूल का बता रहे हैं, जबकि कुछ ने जबलपुर क्षेत्र से जुड़े होने की बात भी कही है।

हालांकि, अभी तक पुलिस को इनके वैध दस्तावेज नहीं मिले हैं जिससे संदेह और गहराता जा रहा है। पुलिस ने दस्तावेजों की सत्यता की जांच शुरू कर दी है और इन सभी की पृष्ठभूमि की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
पौधे बेचने का कार्य कर रहे ये लोग
पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि वे नगर में साइकिल से घूमकर पौधे बेचने का काम कर रहे हैं। मगर अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह कार्य कब से किया जा रहा है और पौधे उन्हें कहां से मिल रहे हैं। जिस मकान में ये सभी रुके थे, वहां के मकान मालिक द्वारा पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया गया था, जो एक गंभीर लापरवाही मानी जा रही है।

कोतवाली पुलिस को नहीं मिली सफलता
उधर, कोतवाली थाना पुलिस ने भी पुराना तालाब क्षेत्र के पास कुछ स्कूलों और अन्य संभावित ठिकानों पर छापामारी की, लेकिन वहां कोई संदिग्ध नहीं मिला। टीम ने देर रात तक रेलवे स्टेशन, होटल और अन्य संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी और तलाशी अभियान जारी रखा।
नगर पुलिस अधीक्षक का बयान
इस पूरे मामले पर नगर पुलिस अधीक्षक एचआर पांडे ने कहा—
“संदिग्ध लोगों के संबंध में लगातार जानकारियां जुटाई जा रही हैं। देहात थाना क्षेत्र में कुछ बाहरी लोग पाए गए हैं, जिनकी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..