अनुकरणीय पहल: अतिथि शिक्षक सतीष त्रिपाठी ने बाढ़ राहत के लिए समर्पित किया जुलाई माह का वेतन
– दमोह जिले में मानवीय सेवा की मिसाल बने सतीष त्रिपाठी
दमोह।
जहाँ एक ओर बाढ़ जैसी भीषण विपदा से जनजीवन अस्त-व्यस्त है, वहीं दूसरी ओर समाज में कुछ ऐसे संवेदनशील और सेवा-भाव रखने वाले लोग भी हैं, जो अपने कर्तव्यों से कहीं आगे जाकर मानवता का धर्म निभा रहे हैं।
ऐसे ही एक प्रेरणास्रोत बनकर सामने आए हैं शासकीय कन्या हाईस्कूल अमाना में कार्यरत अतिथि शिक्षक श्री सतीष त्रिपाठी, जिन्होंने अपने जुलाई माह का संपूर्ण वेतन बाढ़ पीड़ितों की सहायता हेतु स्वेच्छा से समर्पित करने का निर्णय लिया है।
सतीष त्रिपाठी ने जिला कलेक्टर को पत्र प्रेषित कर यह अपील की है कि उनका जुलाई माह का मानदेय प्रशासन द्वारा बाढ़ राहत कार्यों में उपयोग किया जाए। पत्र में उन्होंने लिखा,

“जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ के कारण हजारों परिवारों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रशासन आपके नेतृत्व में दिन-रात मेहनत कर रहा है, यह सराहनीय है। मैं भी एक छोटा सा सहयोग देने की भावना से प्रेरित होकर अपना जुलाई वेतन समर्पित कर रहा हूँ।”
उन्होंने यह भी बताया कि उनके परिवार में सेवा और सहायता की परंपरा उनके पिताजी और पूर्वजों से ही चली आ रही है, और उसी प्रेरणा को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने यह योगदान देने का निर्णय लिया।
शिक्षक त्रिपाठी ने अन्य लोगों से भी अपील की कि संकट की इस घड़ी में सभी अपने सामर्थ्य अनुसार आगे आएं और पीड़ितों की मदद करें।
यह कार्य न केवल समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता और कर्तव्यबोध को दर्शाता है, बल्कि यह संपूर्ण जिले के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण भी है।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..