दमोह के सुयश मोहन गुरू बने डिप्टी सोलीसिटर जनरल
गुरू परिवार की परंपरा को मिला नया आयाम, पूरे क्षेत्र में हर्ष
दमोह। भारत सरकार के विधि व न्याय विभाग ने आदेश कमांक जे/11014/2/2025 दिनांक 08 सितम्बर 2025 जारी कर दमोह के सुपुत्र एडवोकेट सुयश मोहन गुरू को डिप्टी सोलीसिटर जनरल नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के बाद वे माननीय उच्च न्यायालय, न्यायाधिकरण एवं विभिन्न न्याय प्राधिकरणों में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सुयश मोहन गुरू का संबंध दमोह के विख्यात गुरू परिवार से है। उनका जन्म व प्रारंभिक शिक्षा दमोह में हुई। उन्होंने सेंट जॉन स्कूल, सेंट्रल स्कूल और नव जाग्रति स्कूल से प्रारंभिक पढ़ाई करने के बाद पुणे के सिम्बायोसिस कॉलेज से विधि स्नातक ऑनर्स की डिग्री प्राप्त की। डिग्री प्राप्त करने के बाद उन्होंने पहले माननीय सर्वोच्च न्यायालय नई दिल्ली और उसके बाद म.प्र. उच्च न्यायालय जबलपुर में वकालत का अभ्यास किया।
विधि और न्याय के क्षेत्र में गुरू परिवार का योगदान ऐतिहासिक रहा है। उनके परदादा स्व. पं. कुंजबिहारी लाल गुरू स्वतंत्रता पश्चात दमोह के प्रथम सरकारी वकील रहे और लगभग 10 वर्षों तक इस पद पर रहते हुए विधायक एवं मंत्री के रूप में भी कार्य किया। उनके पिता श्री चन्द्रमोहन गुरू करीब 15 वर्षों तक म.प्र. शासन के सरकारी वकील रहे, वहीं उनके चाचा श्री सचिन गुरू ने भी इसी जिम्मेदारी का निर्वहन किया।
दमोह व पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है क्योंकि पहली बार यहां के किसी अधिवक्ता को भारत सरकार ने इतने बड़े संवैधानिक पद पर आसीन किया है। सुयश मोहन गुरू की नियुक्ति से न केवल उनका परिवार बल्कि संपूर्ण क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..