हटा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी तरीके से सिम जारी करने वाले दो POS एजेंट गिरफ्तार..
दमोह। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन FAST (Forged Activated Sim Termination) के तहत हटा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो POS एजेंटों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ये एजेंट कपटपूर्वक एक ही नाम पर कई सिम कार्ड जारी कर धोखाधड़ी कर रहे थे।
दमोह एसपी श्री श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देश और एएसपी श्री सुजीत भदौरिया के मार्गदर्शन में जिलेभर में मोबाइल एवं सिम विक्रेताओं की जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसडीओपी हटा प्रशांत सिंह सुमन के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने आरोपी आशिक खान और केशवेन्द्र सिंह लोधी (दोनों निवासी ग्राम लुहारी, थाना हटा) के विरुद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की है।
जांच में पाया गया कि दोनों एजेंट अपने POS कोड के जरिए गांव-गांव घूमकर भोले-भाले लोगों से सिम रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया दोहराने का झांसा देकर अतिरिक्त सिम जारी कर लेते थे। इन फर्जी सिम कार्डों को वे अन्य लोगों को बेचकर अवैध आर्थिक लाभ कमाते थे। आरोपियों से 2 लैपटॉप सिम (सक्रियण हेतु प्रयुक्त) जब्त किए गए हैं।
थाना हटा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 334/2025 धारा 318(4) बीएनएस एवं 66(C) आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी हटा निरीक्षक धर्मेन्द्र उपाध्याय, थाना पुलिस टीम एवं सायबर सेल दमोह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सावधानी बरतें
सिम लेते समय यदि विक्रेता आपसे एक से अधिक बार प्रोसेस करने को कहे तो सतर्क रहें।
अपने आधार कार्ड से जारी सभी सिम की जानकारी https://sancharsaathi.gov.in/ से प्राप्त करें और अनावश्यक सिम बंद कराएं।
किसी भी साइबर अपराध की शिकायत नजदीकी थाने, www.cybercrime.gov.in, हेल्पलाइन नंबर 1930 या दमोह पुलिस के नंबर 7587619008 पर दर्ज करें।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..