हटा में किराना दुकान से 15 लाख की चोरी, DVR में कैद हुआ मुंहबांधे चोर, देर शाम तक FIR दर्ज नहीं..

Spread the love

हटा में किराना दुकान से 15 लाख की चोरी, DVR में कैद हुआ मुंहबांधे चोर, देर शाम तक FIR दर्ज नहीं

दमोह/हटा
नगर के चंडीजी मंदिर के पास स्थित एक किराना दुकान में रविवार रात करीब 14–15 लाख रुपये नगद चोरी हो जाने की बड़ी वारदात सामने आई है। चोर दुकान के पिछले दरवाजे से घुसा और अलमारी व कनस्तर में रखी बड़ी राशि पर हाथ साफ कर गया। घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है, जिसमें एक मुंह बांधे युवक को चोरी करते और कैमरे का फोकस मोड़ते साफ देखा जा सकता है।

दुकानदार शैलेष व्यास को सोमवार सुबह किसी परिचित से सूचना मिली कि उनकी दुकान का पिछला दरवाज़ा खुला है। उन्होंने अपने भाई उमेश व्यास के साथ दुकान खोली तो देखा कि शनिवार और रविवार की गुटखा बिक्री की राशि करीब 13.5 लाख रुपये और दैनिक बिक्री के नगद गायब हैं।

दुकानदारों ने बताया कि बैंक अवकाश के कारण यह पूरी राशि दुकान में ही कनस्तर में बंडल बनाकर सुरक्षित रखी गई थी।

CCTV में कैद चोर, लेकिन नहीं पहुंचे एक्सपर्ट

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धर्मेन्द्र उपाध्याय मौके पर पहुंचे और दुकान का DVR जब्त कर अपने साथ ले गए। उन्होंने दुकानदार से कहा कि जब तक फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट नहीं आ जाते, तब तक दुकान बंद रखी जाए।

हालांकि, शाम 5 बजे तक ना तो फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ पहुंचे और ना ही डॉग स्क्वॉड, जिससे व्यापारियों में असंतोष देखा गया।

FIR दर्ज न होने से व्यापारी आक्रोशित

सबसे चिंताजनक बात यह रही कि देर शाम तक भी चोरी की प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी। व्यापारी संघ के अध्यक्ष मनोहर चौबे और कोषाध्यक्ष प्रदीप सिंघई के नेतृत्व में व्यापारी थाना पहुंचे और प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।

फरियादी शैलेष और उमेश व्यास ने स्पष्ट रूप से कहा कि चोरी गई राशि 14 लाख से अधिक है।

वहीं, उपनिरीक्षक नरेंद्र तिवारी का कहना है कि अभी रिपोर्ट में राशि का उल्लेख नहीं किया जाएगा। इस पर टीआई उपाध्याय ने भी कहा कि “राशि की पुष्टि होने के बाद बयान में इसे जोड़ा जाएगा,” लेकिन फरियादी इस पर सहमत नहीं हुए।

SDOP पहुंचे थाना, व्यापारी संघ ने दी बाजार बंद की चेतावनी

शाम करीब 6 बजे एसडीओपी प्रशांत सिंह सुमन थाना पहुंचे और फरियादी से बयान लिए। बावजूद इसके, व्यापारी वर्ग में गहरी नाराजगी है और उन्होंने चेतावनी दी है कि मंगलवार को हटा नगर का बाजार पूर्णतः बंद रखा जाएगा

व्यापारी संघ की मांग: रिपोर्ट में दर्ज हो पूरी राशि

किराना व्यापारी संघ का कहना है कि अगर फरियादी दुकानदार ने स्पष्ट रूप से चोरी गई राशि बताई है, तो रिपोर्ट में भी वही दर्ज की जानी चाहिए। घटना के 18 घंटे बीत जाने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होना पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

चोरी की जांच के इंतज़ार में बैठा व्यापारी, नगर में बढ़ा आक्रोश

यह घटना न सिर्फ हटा नगर के व्यापारियों में भय का माहौल बना रही है, बल्कि पुलिस की निष्क्रियता से लोगों में रोष भी है। लाखों की चोरी के बाद भी जब न तो रिपोर्ट दर्ज हो, न एक्सपर्ट पहुंचे, और न ही चोर का कोई सुराग लगे, तो ऐसे में व्यापारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com