दमोह में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: उपयंत्री राजन सिंह ₹20,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार..

Spread the love

दमोह में लोकायुक्त का छापा: उपयंत्री ₹20,000 की रिश्वत लेते गिरफ्तार..

दमोह — दमोह में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई हुई है। सागर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने जनपद कार्यालय में पदस्थ उपयंत्री राजन सिंह को ₹20,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई सोमवार दोपहर उनके सुरेखा कॉलोनी स्थित आवास पर की गई।

​क्या है मामला?

​यह मामला बरबांसा गांव में चल रहे निर्माण कार्यों से जुड़ा है। उपयंत्री राजन सिंह ने बरबांसा की सरपंच लीला गौंड से बलराम पुलिया बाउंड्री और पानी की टंकी के निर्माण कार्य को स्वीकृत करने के एवज में ₹80,000 की रिश्वत मांगी थी।

​सरपंच द्वारा पहले ही एक किश्त की राशि दी जा चुकी थी। सोमवार को जब सरपंच दूसरी किश्त के रूप में ₹20,000 देने उनके घर पहुंचीं, तभी लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।

​ऐसे हुई गिरफ्तारी

​शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त निरीक्षक रंजीत सिंह के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम ने योजना बनाई। सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे, पुलिस बल के साथ टीम ने केंद्रीय विद्यालय के पास स्थित सुरेखा कॉलोनी में उपयंत्री राजन सिंह के घर पर छापा मारा और उन्हें रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

​इस कार्रवाई के बाद दमोह जिले के सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है। यह घटना जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ा और स्पष्ट संदेश है। लोकायुक्त टीम फिलहाल मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

About The Author