दमोह में मिली सागर निवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश, पुलिस जांच में जुटी…
दमोह, मध्य प्रदेश।
शहर में उस वक्त सनसनी फैल गई जब आज सुबह स्टेशन चौराहा से कुछ ही दूरी पर स्थित KGS सीमेंट फैक्ट्री के पीछे एक अज्ञात युवक की लाश मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में मृतक के पास से एक ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुआ है, जिससे उसकी पहचान रोशन खान पिता रहीश खान, निवासी वार्ड नंबर 12, लिधौरा खुर्द परसोरिया, जिला सागर के रूप में हुई है। युवक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि, “मृतक के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि युवक ऊँचाई से गिरा हो सकता है। हालांकि, सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।”

मौके पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। इस मामले में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह दुर्घटना है, आत्महत्या या फिर कोई साजिश।
दमोह जैसे शांत शहर में इस तरह की घटना से आमजन में दहशत का माहौल है। अब देखना यह होगा कि पुलिस की जांच में क्या खुलासा होता है।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..