मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना: 5 अक्टूबर को दमोह से वैष्णोदेवी के लिए तीर्थयात्रा..

Spread the love

मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना: 5 अक्टूबर को दमोह से वैष्णोदेवी के लिए तीर्थयात्रा..

आवेदन की अंतिम तिथि आज 23 सितंबर..

दमोह, 22 सितंबर 2025।मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत आगामी 5 अक्टूबर 2025 को दमोह से विशेष ट्रेन के माध्यम से वैष्णोदेवी तीर्थ के लिए यात्रा प्रस्तावित है। इस तीर्थयात्रा में मध्यप्रदेश के वरिष्ठ नागरिक भाग ले सकेंगे।इस संबंध में अपर कलेक्टर मीना मसराम ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक (महिलाओं के लिए आयु में 2 वर्ष की छूट) जो आयकरदाता नहीं हैं, वे इस यात्रा के पात्र होंगे।

इच्छुक आवेदक आज दिनांक 23 सितंबर तक अपना आवेदन पत्र अपने निकटतम स्थानीय निकाय कार्यालय — नगर पालिका, नगर परिषद या जनपद कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों सहित जमा कर सकते हैं।

अपर कलेक्टर ने बताया कि तीर्थयात्रियों के लिए आवश्यक वस्त्र एवं सामग्री की तैयारी यात्रा से पूर्व कर लेना अनिवार्य है। उन्होंने यात्रियों से आग्रह किया कि वे मौसम के अनुरूप वस्त्र, ऊनी कपड़े, तथा व्यक्तिगत उपयोग की सामग्री जैसे — कंबल, चादर, तौलिया, साबुन, कंघा, आवश्यक दवाइयां, दाढ़ी बनाने का सामान आदि अवश्य साथ रखें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना का उद्देश्य प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की तीर्थयात्रा का अवसर प्रदान करना है। इस योजना के अंतर्गत पूर्णतः निःशुल्क यात्रा, आवास एवं भोजन की व्यवस्था की जाती है।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com