दमोह में नवदुर्गा पर्व के दौरान पुलिस रही सतर्क, गरबा महोत्सवों का अधिकारियों ने लिया जायजा..
दमोह। नवदुर्गा पर्व को लेकर दमोह पुलिस पूरी तरह से सतर्क नजर आ रही है। जिले में जगह-जगह आयोजित गरबा महोत्सवों और देवी पंडालों पर पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था देखी गई। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो।

पुलिस की निगरानी में शहर के प्रमुख गरबा स्थलों का निरीक्षण किया गया। तहसील ग्राउंड में आयोजित गरबा महोत्सव में एएसपी सुजीत सिंह भदोरिया, सीएसपी एच.आर. पांडे और टीआई मनीष कुमार ने पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आयोजकों से चर्चा कर जरूरी निर्देश भी दिए।

इसी तरह शहर के प्रसिद्ध मां बड़ी देवी मंदिर में भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। यहां भी पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और श्रद्धालुओं से संयम और सहयोग बनाए रखने की अपील की।

न्यू पुलिस लाइन में पुलिस परिवार द्वारा आयोजित गरबा महोत्सव में माता रानी की स्थापना कर विधिवत आराधना की जा रही है। इस गरबा स्थल का भी एएसपी, सीएसपी और टीआई द्वारा निरीक्षण किया गया।

इसके अलावा नीलकमल गार्डन में “गरबा वारियर्स” द्वारा आयोजित गरबा महोत्सव का भी अधिकारियों ने दौरा किया और व्यवस्था का जायजा लिया।

एएसपी सुजीत सिंह भदोरिया ने कहा कि, “पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों, शातिर बदमाशों और चोरों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सभी आयोजन स्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है, जिससे आमजन सुरक्षित वातावरण में उत्सव मना सकें।”

पुलिस प्रशासन की इस मुस्तैदी से नागरिकों में भी सुरक्षा को लेकर विश्वास बना हुआ है, और सभी गरबा महोत्सव शांतिपूर्ण और उल्लासपूर्वक संपन्न हो रहे हैं।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..