बड़ापुरा तिगड्डा में बड़ा हादसा टला – देवी पंडाल के पास लापरवाही पूर्वक ट्रक घुसा..
दमोह।शहर के बड़ापुरा तिगड्डे पर शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक तेज रफ्तार ट्रक लापरवाहीपूर्वक देवी पंडाल के समीप घुस आया। घटना के वक्त पंडाल के बाहर कीर्तन में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चियां मौजूद थीं। संयोग अच्छा रहा कि समय रहते स्थानीय वार्डवासियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों की सूझबूझ से टली अनहोनी..
बताया गया कि ट्रक का चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे पंडाल की ओर बढ़ गया। समिति द्वारा लगाए गए लोहे की नसेनी (बैरिकेडिंग) ट्रक की टक्कर से टूट गई, जिससे कुछ क्षति अवश्य हुई, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। भीड़भाड़ वाले इस क्षेत्र में ट्रक का प्रवेश बेहद गंभीर लापरवाही मानी जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को रोकने में मदद की और मौके पर मौजूद लोगों को सुरक्षित किया। बाद में दमोह कोतवाली पुलिस ने मोर्चा संभाला और ट्रक को सुरक्षित बाहर निकाला।
अधिकारियों से की कड़ी कार्रवाई की मांग..
इस अप्रत्याशित घटना के बाद वार्डवासियों और समिति सदस्यों में आक्रोश है। नागरिकों का कहना है कि नवरात्र जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान शहर के अंदर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जानी चाहिए।लोगों ने मांग की है कि नगर प्रशासन और पुलिस विभाग को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए और पंडालों के पास प्रभावी ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। साथ ही, ऐसे लापरवाह चालकों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
प्रशासन की भूमिका पर सवाल..
यह घटना प्रशासन की लचर ट्रैफिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है। जबकि त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत होती है, ऐसे में ट्रकों जैसी भारी वाहनों की घुसपैठ चिंताजनक है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई होती, तो यह हादसा गंभीर रूप ले सकता था।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..