पार्टी में विवाद के बाद युवक की लाठियों से पीटकर हत्या, तीनों आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार..

Spread the love

बेलखेड़ी हत्याकांड: पार्टी में विवाद के बाद युवक की लाठियों से पीटकर हत्या, तीनों आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार..

दमोह/पटेरा. थाना पटेरा क्षेत्र के ग्राम बेलखेड़ी में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक युवक की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई।

लोकेसिंग लोधी के खेत की टपरिया पर एक पार्टी के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें राजू उर्फ अमरसिंह आदिवासी की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. इस जघन्य वारदात के बाद, पटेरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए, घटना के महज चंद घंटों के भीतर ही तीनों आरोपियों को धर दबोचा।

पार्टी में गाली-गलौज और जातिगत अपमान, फिर हत्या..

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर की रात अमृत आदिवासी ने अपने साथियों के साथ लोकेसिंग लोधी के खेत की टपरिया पर एक पार्टी रखी थी।

इस पार्टी में मृतक राजू उर्फ अमरसिंह आदिवासी और मानसिंह उर्फ भानसिंह आदिवासी सहित कुछ अन्य लोग मौजूद थे ,पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर अमृत और राजू के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई , यह विवाद जल्द ही गाली-गलौज और जातिगत अपमान तक पहुंच गया , विवाद बढ़ने पर अमृत आदिवासी, मानसिंह लोधी और उनके साथियों ने मिलकर राजू उर्फ अमरसिंह पर लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया गंभीर चोटों के कारण अमरसिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस की तत्परता: चंद घंटों में दबोचे गए आरोपी..

घटना की सूचना मिलते ही थाना पटेरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज किया. पुलिस ने अपराध क्रमांक 267/25 के तहत धारा 296, 103(1), 3(5) भादंवि और एससी/एसटी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

एसडीओपी प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी पटेरा सरोज ठाकुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए अथक प्रयास किए. पुलिस की मुस्तैदी और सक्रियता के चलते, टीम ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर सभी तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने शनिवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

इस सफल और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना की गई है. एसडीओपी हटा प्रशांत सिंह सुमन, थाना प्रभारी सरोज ठाकुर, उप निरीक्षक संतोष सिंह, उप निरीक्षक मेहताब सिंह, सउनि संजय सिंह, सउनि दिलीप सिंह, स उ नि बलदेव सिंह सहित प्रधान आरक्षक पूरनलाल और आरक्षक गब्बर सिंह, नितेश, बालमुकुंद, ब्रजेश और साइबर सेल दमोह के स्टाफ की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका रही.

About The Author