खमरिया में दुर्गा विसर्जन जुलूस में बोलेरो का कहर: 2 की मौत, 11 घायल..

Spread the love

खमरिया में दुर्गा विसर्जन जुलूस के दौरान बोलेरो ने रौंदी भीड़, दो की मौत, 11 घायल..

पवई (पन्ना), 2 अक्टूबर 2025:पवई क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम खमरिया में दुर्गा विसर्जन जुलूस के दौरान एक तेज़ रफ्तार बोलेरो वाहन ने श्रद्धालुओं की भीड़ को रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए हैं। एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसा रात उस समय हुआ जब ग्राम मोहंद्रा की ओर से आ रही बोलेरो वाहन ने अनियंत्रित होकर जुलूस में घुसे श्रद्धालुओं को कुचल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की रफ्तार काफी तेज थी और उसका चालक नशे की हालत में था।

घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को कटनी जिला अस्पताल रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, दो लोगों ने अस्पताल पहुँचने से पहले ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल फैल गया और श्रद्धा का उत्सव गम में बदल गया। बताया जा रहा है कि आरोपी चालक को ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने पकड़ लिया और हिरासत में ले लिया है।

हादसे की सूचना मिलते ही पवई विधायक प्रहलाद लोधी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। पवई तहसीलदार, एसडीओपी भावना सिंह दांगी, और पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।

बाद में पन्ना एसपी निवेदिता नायडू ने भी अस्पताल पहुँचकर घायलों से मुलाकात की तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है तथा आश्वासन दिया है कि दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com