मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण: कफ सिरप से बच्चों की मृत्यु के बाद प्रशासन सख्त..

Spread the love

मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण: कफ सिरप से बच्चों की मृत्यु के बाद प्रशासन सख्त..

दमोह: छिंदवाड़ा जिले में श्रीशन कंपनी के कफ सिरप से बच्चों की दुखद मृत्यु की घटना के बाद दमोह जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया है। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने निवारक कदम उठाते हुए जिले के सभी एसडीएम (Sub-Divisional Magistrate) को मेडिकल स्टोर्स के निरीक्षण के संबंध में निर्देश दिए और तुरंत टीमें गठित करने का आदेश दिया।

चार मेडिकल स्टोर्स की हुई जांच, तीन सिरप के नमूने भेजे गए लैब..

गठित टीम ने आज एसडीएम आर.एल. बागरी के मार्गदर्शन में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस टीम में नायब तहसीलदार पारूल चौधरी, औषधि निरीक्षक महिमा जैन, जिला क्षय अधिकारी डॉ. गौरव जैन, आरआई ब्रजेश पटेल, और पटवारी अभिनंदन जैन शामिल थे।

टीम ने सिविल वार्ड स्थित पसारी मेडिकल स्टोर्स, तीन गुल्ली स्थित बचपन मेडीकोज, राय चौराहा स्थित कोमल मेडिकोज, और कचौरा में विनय मेडिकल एजेंसी सहित चार मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, टीम ने 03 सिरप के नमूने लिए, जिन्हें गुणवत्ता जांच के लिए शासकीय प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है।

श्रीशन कंपनी की दवाइयों का विक्रय ‘फ्रीज’, अगले आदेश तक बिक्री पर रोक..

सुरक्षा उपायों के तहत, निरीक्षण दल ने श्रीशन कंपनी की दवाइयों के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। स्टॉक रजिस्टर से मिलान करने के बाद, कंपनी के सिरप और टैबलेट्स को आइसोलेट (अलग) कर दिया गया है। इन सभी दवाइयों को मेडिकल स्टोर के मालिकों के सुपुर्द कर ‘फ्रीज’ कर दिया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस कंपनी की दवाइयों का विक्रय अगले आदेश तक नहीं किया जाएगा। यह कदम यह सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है कि छिंदवाड़ा जैसी कोई अप्रिय घटना दमोह जिले में न हो। प्रशासन ने जिले के सभी मेडिकल स्टोर्स को नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी है।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com