दमोह देहात पुलिस को बड़ी सफलता! लूट और अंतर-जिला मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का खुलासा..

Spread the love

बस कंडक्टर बन पुलिस ने दबोचे तीन शातिर आरोपी; 2 लाख का चोरी का सामान जब्त..

दमोह। दमोह देहात पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही लूट और चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मानपुर तिराहा के पास हुई लूट की घटना का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो दमोह सहित जबलपुर और कटनी जिलों में भी चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

क्या थी घटना?

​दिनांक 03/11/2025 की देर रात, थाना दमोह देहात क्षेत्र अंतर्गत मानपुर तिराहा, हटा रोड पर तीन अज्ञात बदमाशों ने दो अलग-अलग ऑटो चालकों को निशाना बनाया।

  • ​पहले ऑटो चालक विश्राम अठ्या (दमोह निवासी) से मारपीट कर ₹3,000 नकद और ऑटो की चाबी छीन ली।
  • ​इसके बाद हटा तरफ से आ रहे दूसरे ऑटो चालक विनोद यादव (किशनगढ़, छतरपुर निवासी) को रोककर उनसे मारपीट की और एक मोबाइल तथा ऑटो की चाबी छीनकर भाग गए।

​दोनों फरियादियों की सूचना पर थाना दमोह देहात में अपराध क्रमांक 781/25, धारा 309(6) BNS (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।

पुलिस की विशेष रणनीति और गिरफ्तारी

​क्षेत्र में बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए, श्रीमान् पुलिस अधीक्षक महोदय एवं श्रीमान् नगर पुलिस अधीक्षक महोदय दमोह के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी दमोह देहात निरीक्षक रचना मिश्रा ने अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की।

  • टेक्निकल साक्ष्य: थाना टीम ने साइबर सेल की मदद से सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल साक्ष्य जुटाना शुरू किया।
  • अंतर-जिला पीछा: जांच में सामने आया कि ये आरोपी लूट की घटना के बाद कटनी और जबलपुर जिलों में घूम रहे थे और लगातार मोबाइल एवं मोटरसाइकिलों की चोरी कर रहे थे।
  • बस में घेराबंदी: पुलिस टीम को सूचना मिली कि ये आरोपी जबलपुर से लौटकर दमोह होते हुए इंदौर भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने एक गोपनीय रणनीति के तहत, बस में ड्राइवर और कंडक्टर का वेश धारण किया। पूर्व से ही जबलपुर से दमोह तक अलग-अलग जगहों पर सिविल ड्रेस में पुलिस बल तैनात था। भारी मशक्कत के बाद, बस में सवार तीनों आरोपियों को धर दबोचा गया।

आरोपियों ने कई वारदातें कबूलीं

​गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ में लूट के अलावा कई चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ:

  • ​शोभानगर दमोह से दो मोबाइल चोरी
  • ​लूट की घटना के बाद हथनी तिराहा से एक ग्लैमर मोटरसाइकिल चोरी।
  • ​कटंगी, जबलपुर से एक स्पेलेन्डर मोटरसाइकिल चोरी।
  • ​लूट की घटना में उपयोग की गई एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल सागर से चोरी की गई थी।

​पुलिस के अनुसार, ये तीनों आरोपी पिछले एक हफ्ते से लगातार चोरी एवं लूट की घटनाएं कर रहे थे और पकड़े नहीं जाते तो अन्य जिलों में भी वारदातें कर सकते थे। इन आरोपियों का दमोह एवं अन्य जिलों में पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है।

गिरफ्तारशुदा आरोपी एवं जप्ती

गिरफ्तार आरोपी:

  1. जयराम पटेल (उम्र 21 साल), निवासी पिपरिया कला, थाना हिंडोरिया (हाल: तीन गुल्ली दमोह)
  2. राजा सेन (उम्र 26 साल), निवासी इंद्रा कॉलोनी दमोह
  3. शोभित दुबे (उम्र 19 साल), निवासी ग्राम बकेनी, थाना पथरिया (हाल: सिविल वार्ड 1 दमोह)

जब्त मशरूका (कुल कीमत: लगभग ₹2 लाख):

  • ​03 चोरी की मोटरसाइकिलें (कीमत करीब ₹1.50 लाख)
  • ​03 चोरी के मोबाइल (कीमत करीब ₹40,000)
  • ​01 चांदी की अंगूठी (कीमत करीब ₹1,300)

​संपूर्ण कार्यवाही में निरीक्षक रचना मिश्रा (थाना प्रभारी दमोह देहात) के नेतृत्व में प्रआर वीरेन्द्र, प्रआर हर्ष पाठक, प्रआर. राकेश मिश्रा, आर. नितिन, आर. बाबू छारी, आर दीपक, साइबर सेल से प्रआर सौरभ टंडन, आर मयंक दुबे सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com