दमोह में सनसनीखेज हत्या: ठेके पर खेती कर रहे 52 वर्षीय किसान की कुल्हाड़ी मारकर हत्या..

Spread the love

दमोह में सनसनीखेज हत्या: ठेके पर खेती कर रहे 52 वर्षीय किसान की कुल्हाड़ी मारकर हत्या..

पार्टनरशिप में हिसाब-किताब के विवाद के बाद हत्या की आशंका

दमोह। दमोह देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत महर्षि स्कूल के पीछे स्थित एक खेत में बुधवार सुबह 52 वर्षीय एक व्यक्ति का रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की कुल्हाड़ी मारकर हत्या की गई है। हत्या के आरोपी अभी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं, लेकिन परिजन मृतक के खेती के पार्टनरों पर विवाद के बाद हत्या करने की आशंका जता रहे हैं।

नीम के पेड़ के नीचे मिला शव

​मृतक की पहचान मुकेश पिता राम प्रसाद यादव (52) के रूप में हुई है।

​मृतक के परिजन पवन यादव ने बताया कि मंगलवार रात मुकेश यादव का बेटा मोहित उन्हें देखने खेत पहुंचा था। उसने देखा कि मुकेश यादव अपने 5-6 पार्टनरों के साथ खेत में लगे नीम के पेड़ के नीचे बैठकर खेती का हिसाब-किताब कर रहे थे।

​बुधवार सुबह जब मुकेश यादव घर नहीं पहुँचे, तो परिजन उन्हें देखने खेत पहुँचे। उन्होंने देखा कि नीम के पेड़ के नीचे मुकेश यादव का शव खून से लथपथ पड़ा था। शव के पास से एक कुल्हाड़ी, हिसाब-किताब का एक रजिस्टर और कुछ दस्तावेज बरामद हुए हैं।

मक्का की बिक्री और विवाद की आशंका

​परिजनों ने आशंका जताई है कि हिसाब-किताब के दौरान हुए विवाद के बाद ही पार्टनरों ने उनकी हत्या की है।

​परिजनों ने बताया कि मृतक मुकेश यादव ने दमोह के टंडन परिवार की जमीन ठेके पर ली थी और कुछ साथियों के साथ पार्टनरशिप में मक्का की खेती कर रहे थे। मंगलवार शाम को ही मक्का की कटाई के बाद उसे बेचने के लिए भेजा गया था। परिजनों का कहना है कि हत्या के बाद से सभी पार्टनर मौके से फरार हैं, जिससे विवाद की आशंका और मजबूत होती है।

पुलिस ने शुरू की जांच

​घटना की सूचना मिलने के बाद एडिशन एसपी सुजीत सिंह भदौरिया मौके पर पहुँचे। उन्होंने बताया कि परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं।

​एडिशनल एसपी ने कहा, “अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हत्या किसने की है, लेकिन जिन लोगों के बारे में परिजनों द्वारा जानकारी दी जा रही है, उनके आधार पर तहकीकात शुरू कर दी गई है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।”

​दमोह देहात पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश और जांच शुरू कर दी है।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com