स्वदेशी मेला 2025 आठवां दिवस..

Spread the love

स्वदेशी मेला 2025 आठवां दिवस

नृत्य नाटिका में दिखा महारानी लक्ष्मीबाई का शौर्य, वंदे मातरम का किया गया सामूहिक गायन

स्वदेशी मेले में विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच लोग ले रहे स्वदेशी अपनाने का संकल्प

दमोह। स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन और स्वदेशी जागरण मंच के द्वारा नगर के तहसील मैदान में आयोजित हो रहे 11 दिवसीय स्वदेशी मेला 2025 के आठवें दिन मंच पर विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। आठवें दिवस पर मुख्य अतिथि और वक्त के रूप में पधारे स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय सह संगठक सतीश जी, अखिल भारतीय सह मेला प्रमुख और सीईओ स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेसन साकेत राठौर जी रहे।

इनके द्वारा मंच से उपस्थित जनों को स्वदेशी विचार और उसके द्वारा समृद्ध भारत की कल्पना पर अपने विचार रखे गए। कार्यक्रम में अतिथि के रूप मंच पर क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख ओम जी वर्मा, मध्य प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग एवं कल्याण आयोग अध्यक्ष रामकृष्ण कुसुमरिया, महाकौशल प्रांत संयोजक कपिल मलैया, नितिन पटेरिया, राकेश अग्रवाल, श्रीमती मंजू सत्येंद्र सिंह, श्रीमती अर्पणा लोकेंद्र पटेल जी रहे। अतिथियों का स्वागत आयोजन समिति की ओर से मेला सह संयोजिका डॉ. प्रिया श्रीवास्तव,जिला महिला कार्य प्रमुख डॉ. मोनिका पालीवाल, महेन्द्र जैन, सतीश जैन, ऊधम सिंह, दीप्ति खरे, श्रीमती रश्मि वर्मा द्वारा परंपरागत तरीके से किया गया।

वीरांगनाओं का शौर्य और क्षेत्रीय संस्कृति
मंचीय कार्यक्रमों का प्रारंभ भारत माता और दत्तोपंत जी ठेंगड़े के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके बाद वक्ताओं ने स्वदेशी की आवश्यकता उसके महत्व, स्वदेशी और स्वावलंबन से होने वाले परिवर्तनों पर अपने विचार रखते हुए उपस्थित जनों को स्वदेशी अपनाने का संकल्प दिलाया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे और कार्यकर्ताओं द्वारा वंदे मातरम गीत के सामूहिक गायन के साथ किया गया। इसके बाद अंजलि अहिरवार की नृत्य प्रस्तुति, हिरण्या चिले के द्वारा राधा कृष्ण पर भजन की प्रस्तुति, निवेदिता जैन की नृत्य प्रस्तुति हुई। अगले चरण में बच्चों के द्वारा की गई महारानी लक्ष्मीबाई जी के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका की प्रस्तुति को लोगों के द्वारा सराहा गया। इसके बाद मंच पर ललित कला केन्द्र के बच्चों द्वारा कत्थक एवं ठुमरी की प्रस्तुति और श्रीमती रामबाई अहिरवार द्वारा काव्यपाठ की प्रस्तुति, युवा नाट्य मंच के कलाकारों द्वारा गायन और कार्यक्रम का समापन शिवा तिवारी के बुंदेली गीत प्रस्तुति के साथ हुआ।

व्यापारियों और मीडिया के साथ हुई चर्चा
स्वदेशी मेला 2025 के दोपहर में होने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला में स्वदेशी व्यापार व्यापारी जुटान कार्यक्रम अंतर्गत स्वदेशी जागरण मंच के पदाधिकारियों द्वारा दमोह के व्यापारियों के साथ एक विस्तृत चर्चा आयोजित की गई। इस दौरान स्वदेशी उत्पाद विक्रय को बढ़ावा, दुकान पर स्वदेशी उत्पादों का डिस्प्ले सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा कर सुझाव आमंत्रित किए गए। आयोजन में प्रमोद बजाज जिला अध्यक्ष कैट दमोह को जिला संयोजक मनोनीत किया गया। इस अवसर पर कैट प्रदेश मंत्री राकेश अग्रवाल जी, मेला संयोजक डॉ सोनल राय जी , लघु उद्योग भारती अध्यक्ष सेवंत गुजराती जी, अखिलेश जैन जी, प्रशांत असाटी, आकाश असाटी, कन्हैया करवानी,प्रदीप चक्रवर्ती, प्रदीप चौरसिया महेंद्र पटेल, रूपेंद्र असाटी, मनीष जैन, मनोज पटेल, दिलेश चौधरी, रूपेंद्र असाटी मनोज पटेल की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम प्रभारी जुगल अग्रवाल ने आभार बृजेंद्र राठौर ने माना। इसी दौरान स्वदेशी जागरण मंच और स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन के पदाधिकारी ने मीडिया से चर्चा करते हुए अपने विचारों और कार्यों से अवगत कराया। इसके अलावा मेला परिसर में स्कूली छात्राओं के द्वारा कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता, जलेबी दौड़ प्रतियोगिता आयोजित हुई। मेला परिसर में सामाजिक दायित्वों में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ मयंक प्यासी, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ ज्योति त्रिपाठी द्वारा मेला स्टॉल में निशुल्क प्रशिक्षण केंद्र लगाकर 300 से अधिक लोगों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार दिया गया। इस दौरान मेला परिसर में आ रहे स्कूली छात्रों ने भी मेला भ्रमण कर स्वदेशी विचारों को आत्मसात किया।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com