ग्राम पूरनयाऊ में हुए अंधे हत्याकांड का जबेरा पुलिस ने किया खुलासा
जबेरा/दमोह। थाना जबेरा अंतर्गत ग्राम पूरनयाऊ में कुछ दिन पूर्व हुए अंधे हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर दिया है। खेत की झोपड़ी में एक किसान का शव मिलने के बाद से पुलिस लगातार मामले की जांच में जुटी थी। मामला पुलिस के लिए अत्यंत चुनौतीपूर्ण था, जिसे सुलझाने के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।
पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देशन तथा एसडीओपी देवी सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गहन जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और निरंतर प्रयासों के बाद पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें हत्याकांड का खुलासा हुआ।
थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी रवि उर्फ चुन्नू रैकवार, निवासी देवतरा पूरनयाऊ को पूछताछ के दौरान घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी के अनुसार, 14 नवंबर की शाम 5 बजे उसकी मृतक बेनी कड़ेरे से खेत में सिंचाई को लेकर बहस हो गई थी। रात करीब 10:30 बजे जब आरोपी अपने खेत जा रहा था, तभी टपरिया के पास बेनी कड़ेरे द्वारा पुनः गाली-गलौज किए जाने पर दोनों में विवाद बढ़ गया।
गुस्से में आरोपी रवि रैकवार ने अपने पास मौजूद लोहे के हाशिया से बेनी कड़ेरे की गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने प्रयुक्त हथियार को तालाब किनारे छिपा दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को 6 दिसंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
जांच और कार्रवाई में थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक गणेश दुबे, प्रधान आरक्षक देवेंद्र रैकवार, सतीश नामदेव, आरक्षक विवेक कटारे, वीरेंद्र वाडेकर तथा साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..