टीम उम्मीद का पाँचवाँ स्वच्छता अभियान सफल, कलेक्टर कोचर ने की सराहना..

Spread the love

टीम उम्मीद का पाँचवाँ स्वच्छता अभियान सफल, कलेक्टर कोचर ने की सराहना..
सर्किट हाउस पहाड़ी 80% कचरा मुक्त – नशीली सामग्री मिलने पर प्रशासन सख्त..

दमोह। स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर एवं युवा बॉलीवुड सिनेमैटोग्राफर हरीश पटेल के नेतृत्व में टीम उम्मीद द्वारा चलाया गया पाँचवाँ साप्ताहिक स्वच्छता अभियान रविवार को सर्किट हाउस पहाड़ी क्षेत्र में आयोजित हुआ। सुबह 8 से 10 बजे तक चले इस अभियान में दमोह कलेक्टर सुधीर कोचर ने भी पहुँचकर स्वयं सफाई कार्य में हिस्सा लिया और टीम के प्रयासों की सराहना की।

लगातार तीसरे सप्ताह चलाए गए दो-दो घंटे के अभियान के परिणामस्वरूप सर्किट हाउस पहाड़ी को अब तक 80 प्रतिशत कचरा मुक्त कर लिया गया है। पहले की तरह इस बार भी टीम ने लगभग 20 बड़ी प्लास्टिक थैलियों में कचरा एकत्र किया। इससे पूर्व दो अभियानों में 27 थैलियों में कचरा निकाला गया था। हरीश पटेल ने बताया कि अगला अभियान भी इसी पहाड़ी पर चलाया जाएगा और इसे पूरी तरह साफ करने का लक्ष्य रखा गया है।

अभियान के दौरान कलेक्टर कोचर ने नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र लोधी को पहाड़ी क्षेत्र में स्थायी सफाई व्यवस्था, बैरिकेट्स एवं सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में नशीली सामग्री पाए जाने की जानकारी के बाद प्रशासन कड़ी कार्रवाई कर रहा है। अभियान के दौरान गोगा, परफेक्ट रोल और परफेक्ट सोल जैसी नशीली रैपर भी बड़ी संख्या में मिलीं। कलेक्टर ने चेतावनी देते हुए कहा कि इन उत्पादों की बिक्री या सेवन पाए जाने पर संबंधित लोगों पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई की जाएगी, जिसमें तीन माह तक की सजा का प्रावधान है। उन्होंने इसे युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाला “राष्ट्र-द्रोह” करार दिया।

प्रशासन ने जटाशंकर पहाड़ी एवं एक्सीलेंस स्कूल क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्णय लिए हैं। दोनों स्थानों पर बैरिकेट्स, सीसीटीवी कैमरे तथा पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। जटाशंकर पहाड़ी पर अब सामान्य लोगों की आवाजाही केवल सुबह और शाम के समय ही होगी।

अभियान में टीम उम्मीद के मनोज गुप्ता, राकेश राठौर, धर्मेंद्र सोनी, महेंद्र सिंह लोधी, दीपक राजपूत, अर्जुन प्रताप सिंह, नैना तिवारी, डाली कटारे, शिवम सोनी, माधव पटेल, युवा अचीवर कृष्णा पटेल सहित नगर पालिका कर्मी एवं जन अभियान परिषद के जिला संयोजक सुशील नामदेव शामिल रहे। टीम का कहना है कि अगली बार पहाड़ी को पूर्णतः स्वच्छ और सुंदर रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com