दमोह जिले को संभाग में गौरव,सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश,प्रभारी मंत्री का आज का कार्यक्रम..

Spread the love

1. दमोह जिले को संभाग में गौरव

नेशनल वॉलीबॉल टीम का नेतृत्व करेंगे दमोह के दीपेश कुर्मी

(विशेष संवाददाता/दमोह)

​खेल जगत में दमोह जिले ने एक बार फिर अपना परचम लहराया है। जिले के सपूत दीपेश कुर्मी का चयन जूनियर वॉलीबॉल टीम में हुआ है और वे नेशनल लेवल पर सागर संभाग का नेतृत्व करेंगे। विगत दिनों नरसिंहपुर जिले में आयोजित चयन प्रक्रिया में प्रदेश भर से सैकड़ों की संख्या में खिलाड़ी शामिल हुए थे, जिनमें से सागर संभाग से एकमात्र खिलाड़ी का चयन दमोह जिले से हुआ है।

​शिवाय आरडीएक्स क्लब के संयोजक एवं टीम मैनेजर मनीष नगाइच ने बताया कि दीपेश राममंदिर आरडीएक्स क्लब के स्थायी खिलाड़ी हैं और लगातार सात सालों के सतत अभ्यास के चलते इस मुकाम को हासिल कर पाए हैं। चयनित खिलाड़ी के पिता रवि शंकर कुर्मी स्वयं भी खेल कोटे से पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। दीपेश के नेशनल टीम में चयन पर जिले के समस्त खेलप्रेमियों के मध्य उत्साह का माहौल है।

2. सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

सर्किट हाउस पहाड़ी, एक्सीलेंस स्कूल में असामाजिक गतिविधियों पर कलेक्टर सख्त..

​कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने सर्किट हाउस पहाड़ी, एक्सीलेंस स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ रही असामाजिक गतिविधियों पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। कलेक्टर कोचर ने पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी को पत्र लिखकर शाम और रात्रि के समय इन क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों के जमावड़े, नशा सेवन और अन्य अवांछनीय गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को तुरंत बेहतर करने के निर्देश दिए हैं।

​कलेक्टर कोचर ने पत्र में कहा है कि मीडिया में भी इन स्थानों पर मादक पदार्थों के अवशेष मिलने की खबरें सामने आई हैं। उन्होंने हाल ही में आयोजित NCORD बैठक का हवाला देते हुए पुलिस अधीक्षक से इन दोनों स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने हेतु प्राक्कलन (Estimation) तैयार करके शीघ्र कलेक्टर कार्यालय को भेजने को कहा है, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसी जा सके।

3. प्रभारी मंत्री का आज का कार्यक्रम

परमार आज दमोह में, सड़क सुरक्षा, GST उत्सव और विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा..

​प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री तथा दमोह जिले के प्रभारी मंत्री श्री इंदर सिंह परमार मंगलवार शाम 5:30 बजे दमोह पहुँचकर सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।

​आज, 10 दिसंबर को मंत्री श्री परमार जन सामान्य एवं जनप्रतिनिधियों से भेंट करने के बाद जिले के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुबह 11 बजे कीर्ति स्तंभ चौराहा पर वे सड़क सुरक्षा यातायात जागरूकता अभियान के तहत हेलमेट वितरण करेंगे। इसके बाद 11:45 बजे पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में जीएसटी बचत उत्सव कार्यक्रम में भाग लेंगे। दोपहर 12:45 बजे से 2:00 बजे तक वे कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिले के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे, जिसके बाद वह दोपहर 3:00 बजे भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com