इंटरसिटी एक्सप्रेस का नाम बदला, अब कहलाएगी ‘मूकमाटी एक्सप्रेस’
दमोह।
जबलपुर से रायपुर के बीच चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस का नाम अब ‘मूकमाटी एक्सप्रेस’ कर दिया गया है। यह नाम परिवर्तन जैन समाज की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है। इस महत्वपूर्ण पहल के लिए भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमित बजाज (गोलू) ने दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
रेल मंत्री को पत्र लिखकर रखी गई थी मांग..
भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमित बजाज ने परम पूज्य निर्यापक श्रमण मुनिवर श्री अभयसागर जी महाराज की प्रेरणा से जबलपुर–रायपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का नाम आचार्य भगवंत श्री विद्यासागर जी महाराज अथवा उनके द्वारा रचित महाकाव्य ‘मूकमाटी’ के नाम पर रखने का प्रस्ताव दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी के समक्ष रखा था।
इस पर सांसद राहुल सिंह लोधी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर एवं व्यक्तिगत रूप से समाज की भावनाओं से अवगत कराया। रेल मंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक संज्ञान लेते हुए इंटरसिटी एक्सप्रेस का नाम बदलकर ‘मूकमाटी एक्सप्रेस’ किए जाने की स्वीकृति प्रदान की।
जैन समाज में खुशी, जताया आभार..
ट्रेन का नाम परिवर्तित होने पर जैन युवा महासंघ, जैन नवयुवक मित्र मंडल दमोह सहित संपूर्ण जैन समाज में हर्ष का माहौल है। समाजजनों ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, सांसद राहुल सिंह लोधी एवं इस पहल से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए बधाइयां दीं।
आभार व्यक्त करने वालों में प्रमुख रूप से अमित बजाज, मनीष जैन, बंटू गांगरा, प्रकाश जैन, मानव बजाज, आशीष जैन, अनुराग बजाज, कालू जैन, अंकित जैन, सौरभ जैन सहित अन्य समाजजन शामिल रहे।
आस्था और संस्कृति को मिला सम्मान..
जैन समाज ने इसे आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के साहित्यिक योगदान और आध्यात्मिक विरासत को सम्मान देने वाला कदम बताया है। समाजजनों का कहना है कि ‘मूकमाटी’ जैसा महान ग्रंथ भारतीय संस्कृति और अहिंसा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करता है, और अब यह नाम रेल सेवा से जुड़कर देशभर में श्रद्धा का प्रतीक बनेगा।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..