विजयनगर बस्ती में हिंदू सम्मेलन का आयोजन..
भगवताचार्य नीरज नयन जी एवं वैष्णवी गर्ग रहीं मुख्य वक्ता..
दमोह। शहर की विजयनगर पार्क में विजयनगर, एलोरा कॉलोनी, वसुंधरा कॉलोनी, मधुवन होम्स, सुरेखा कॉलोनी एवं अभिनव होम्स के हिंदू भाई-बहनों की उपस्थिति में भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात कॉलोनी की मंडली द्वारा हनुमान चालीसा, भजन, अरदास पाठ एवं णमोकार पाठ का आयोजन किया गया। अतिथियों का स्वागत श्रीफल, तिलक एवं माला से किया गया।
कार्यक्रम में मातृशक्ति वक्ता के रूप में डॉ. मोनिका पालीवाल ने कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी, सामाजिक समरसता एवं आत्मनिर्भर भारत विषय पर अपने विचार रखे। इसके पश्चात सुश्री वैष्णवी गर्ग ने हिंदू समाज को संगठित रहने का आह्वान करते हुए जाति-वर्ग में बंटने से बचने की अपील की। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं समस्त कॉलोनीवासियों को हिंदू सम्मेलन की शुभकामनाएं दीं।

श्रद्धेय भगवताचार्य नीरज नयन जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि हिंदू समाज को एकत्रित करने हेतु संगठन द्वारा किए जा रहे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं और ऐसे आयोजन निरंतर होते रहना चाहिए।
मुख्य वक्ता छकूलाल प्रजापति, सह विभाग कार्यवाह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्षों के कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि परम पूजनीय डॉ. हेडगेवार जी के जीवन, शिक्षा, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान एवं संघ की स्थापना के उद्देश्य क्या रहे। साथ ही उन्होंने बताया कि संघ द्वारा कोविड, बाढ़, भूकंप एवं अन्य आपदाओं के समय निरंतर सेवा कार्य किए गए हैं। 1947 के विभाजन काल एवं संघ पर लगे प्रतिबंधों की जानकारी भी दी गई। उन्होंने संघ के आनुषांगिक संगठनों जैसे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय मजदूर संघ, किसान संघ आदि के कार्यों पर भी प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि भारत की वीरता का प्रतीक भगवान राम हैं और भारत की नारी शक्ति सरस्वती, लक्ष्मी एवं दुर्गा के रूप में पूजनीय है।
कार्यक्रम के अंत में भारत माता की आरती की गई। सम्मेलन के संयोजक नीरज चौरसिया पटवारी, सह-संयोजक श्रीमती सीमा जाट एवं राजेश ताम्रकार रहे। व्यवस्था टोली में महेंद्र, योगेश जाट, दीपक जैन तथा स्वागत टोली में संदीप पाठक, संदीप गुप्ता, देवेंद्र मिश्रा, धर्मेंद्र जूदेव, नंदकिशोर, सतीश जैन एवं दीपक पटेल ने सहयोग किया। मंच संचालन श्रीमती सीमा जाट एवं राजेश ताम्रकार ने किया तथा आभार प्रदर्शन नीरज चौरसिया ने किया।
भोजन प्रसादी के पश्चात कार्यक्रम का समापन हुआ।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..