जल गंगा संवर्धन अभियान प्रारंभ – कलेक्टर कोचर..टीम उम्मीद के 13वें स्वच्छता अभियान से जीवंत हुई ग्राम भदोली की प्राचीन बावड़ी..

Spread the love


दमोह।
टीम उम्मीद के 13वें स्वच्छता अभियान के अंतर्गत ग्राम भदोली स्थित लगभग 300–400 वर्ष पुरानी प्राचीन बावड़ी में विशेष स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्री सुधीर कुमार कोचर स्वयं उपस्थित रहे और अभियान में सहभागिता की।
कलेक्टर श्री कोचर ने कहा कि आज से जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ किया गया है। मुख्यमंत्री एवं जनप्रतिनिधियों की मंशा के अनुरूप जिले की प्राचीन बावड़ियों एवं ऐतिहासिक जल संरचनाओं के संरक्षण एवं पुनर्जीवन का कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्राम भदोली की इस बावड़ी की साफ-सफाई कर इसके पुराने स्वरूप को लौटाने का प्रयास प्रारंभ किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह बावड़ी महत्वपूर्ण मार्ग पर स्थित है, जो बांदकपुर की ओर जाता है। पूर्व में बांदकपुर की बावड़ी का सफल जीर्णोद्धार किया जा चुका है। यह स्थान यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकता है। ग्रामीणों के अनुसार यहां का पानी अत्यंत शुद्ध था। बावड़ी के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हैं, जिन्हें पुनर्निर्मित किया जाएगा तथा आगामी दो-तीन माह में इसे पूर्ण वैभव के साथ पुनर्जीवित किया जाएगा।
यह स्वच्छता अभियान स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर श्री हरीश पटेल के नेतृत्व में टीम उम्मीद द्वारा संचालित किया गया। इस दौरान ग्रामवासियों, सरपंच एवं टीम सदस्यों ने दो घंटे से अधिक श्रमदान कर बावड़ी की साफ-सफाई की।
दृढ़ संकल्प से बदली तस्वीर
“कौन कहता है कि आसमान में सुराख नहीं हो सकता…” दुष्यंत कुमार की ये पंक्तियां इस अभियान पर सटीक बैठती हैं। वर्षों से उपेक्षित और विलुप्ति की कगार पर खड़ी इस ऐतिहासिक बावड़ी को टीम उम्मीद ने अपने संकल्प और मेहनत से फिर से जीवंत कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि पुराने समय में यहां के पानी का उपयोग बड़े आयोजनों में भी किया जाता था, लेकिन वर्षों तक किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
स्वच्छता एम्बेसडर हरीश पटेल ने बताया कि उन्होंने शनिवार को इस बावड़ी को देखकर इसके पुनर्जीवन का संकल्प लिया और तुरंत कलेक्टर से चर्चा कर रविवार का अभियान इसी को समर्पित कर दिया। कलेक्टर श्री कोचर ने न केवल सहमति दी बल्कि स्वयं अभियान में शामिल होकर टीम का उत्साहवर्धन किया।
ग्रामीणों में खुशी, भरोसा जगा
ग्राम भदोली के सरपंच श्री पप्पू एवं ग्रामीणों ने टीम उम्मीद की सराहना करते हुए कहा कि पहले भी कई वादे हुए, लेकिन कोई अमल में नहीं आया। इस बार टीम उम्मीद और जिला प्रशासन के साथ मिलकर वास्तविक कार्य होता देख गांव में विश्वास जगा है। सरपंच द्वारा पूरी टीम के लिए नाश्ते की व्यवस्था भी की गई।
कलेक्टर श्री कोचर ने आश्वासन दिया कि जिस प्रकार बांदकपुर की बावड़ी को संरक्षित किया गया, उसी प्रकार भदोली की इस ऐतिहासिक धरोहर को भी पूर्ण रूप से सुरक्षित कर इसके पुराने सौंदर्य को लौटाया जाएगा।
इस अभियान में टीम उम्मीद के सदस्य राकेश राठौर, शिवम सोनी, मनोज गुप्ता, जितेंद्र अहिरवाल, माधव पटेल, नैना तिवारी, डाली कटारे, ब्रजेश सेन, सुमित सहित जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक सुशील नामदेव एवं समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे।
जिला समन्वयक सुशील नामदेव ने कहा कि जिले में अनेक प्राचीन जल संरचनाएं हैं, जिन्हें ऐसे ही प्रयासों से सहेजा जा सकता है। टीम उम्मीद का यह कार्य सराहनीय और प्रेरणादायी है।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com