अवैध खनन व परिवहन पर खनिज विभाग की सख्त कार्रवाई..
15 दिनों में पांच तहसीलों में जांच, कई वाहन जब्त, अनेक प्रकरण दर्ज..
दमोह।
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के निर्देश पर जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बीते 15 दिनों के दौरान तहसील हटा, बटियागढ़, पटेरा, जबेरा एवं दमोह क्षेत्र में व्यापक भ्रमण कर जांच की गई, जिसमें अवैध गतिविधियों से जुड़े कई प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 जनवरी को तहसील हटा अंतर्गत ग्राम मलवारा में अवैध मिट्टी उत्खनन की शिकायत पर मौके पर जांच की गई। ग्रामवासियों की उपस्थिति में की गई जांच में बिना अनुमति खनन पाया गया। संबंधित व्यक्तियों के बयान लेकर पंचनामा तैयार किया गया तथा फोटोग्राफ और वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर गौण खनिज नियमों के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया।
21 जनवरी को तहसील बटियागढ़ अंतर्गत ग्राम मगरोन में आकस्मिक भ्रमण के दौरान शराब दुकान के सामने बिना नंबर के आयशर ट्रैक्टर द्वारा खनिज गिट्टी का परिवहन बिना अभिवहन पारपत्र के पाया गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाना मगरोन में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया एवं म.प्र. खनिज अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण नियमों के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
22 जनवरी को तहसील पटेरा अंतर्गत ग्राम पाला अर्जुनी के व्यारमा नदी क्षेत्र में पत्थर का अवैध उत्खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरते हुए पाया गया। उत्खनन की अनुमति नहीं पाए जाने पर वाहन जब्त कर थाना पटेरा में खड़ा किया गया तथा नियमानुसार कार्रवाई की गई।
इसी दिन सुबह 6:45 बजे तहसील जबेरा अंतर्गत ग्राम अर्थखेड़ा में बिना नंबर के ट्रैक्टर द्वारा खनिज रेत का परिवहन बिना अभिवहन पारपत्र के किया जा रहा था। ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाना नोहटा में सुरक्षार्थ खड़ा कर प्रकरण दर्ज किया गया।
22 जनवरी को दोपहर 12:22 बजे दमोह तहसील के बायपास रोड आमचौपरा क्षेत्र में डंपर क्रमांक MP15HA0637 द्वारा खनिज मुरूम का परिवहन बिना वैध दस्तावेजों के पाया गया। डंपर को थाना कोतवाली में सुरक्षार्थ खड़ा कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के निर्देशानुसार जिले में अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सतत और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
अवैध खनन व परिवहन पर खनिज विभाग की सख्त कार्रवाई..



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..