महाशिवरात्रि पर्व को लेकर बांदकपुर में बैठक सम्पन्न, व्यवस्थाओं को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश..

Spread the love


दमोह।
आगामी महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनज़र बांदकपुर में कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, मंदिर ट्रस्ट प्रबंधन एवं ट्रस्ट के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री कोचर ने महाशिवरात्रि पर्व की व्यवस्थाओं को लेकर एक-एक बिंदु पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों एवं ट्रस्ट प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 फरवरी से पूर्व सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर ली जाएं। शिवरात्रि पर्व के दौरान मेला क्षेत्र में पार्किंग, साफ-सफाई, श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों के ठहरने, दर्शन व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।


कलेक्टर श्री कोचर ने कहा कि दर्शनार्थियों की संख्या निरंतर बढ़ रही है, ऐसे में बेहतर से बेहतर प्रबंधन के प्रयास किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं आनंदमय दर्शन का अनुभव प्राप्त हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि गर्भगृह में दर्शनार्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा तथा बाहर से ही दर्शन की व्यवस्था रहेगी। पिछली बार भी इसी प्रकार की व्यवस्था रही, जिससे किसी प्रकार की भगदड़ या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। 15 फरवरी को भी यही व्यवस्था लागू रहेगी तथा परिस्थितियों के अनुसार आगे निर्णय लिया जाएगा। बैठक के उपरांत कलेक्टर ने मंदिर परिसर एवं दर्शन मार्ग का निरीक्षण भी किया।
पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि बुंदेलखंड अंचल सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बांदकपुर पहुंचते हैं, जिनमें कांवड़िए एवं स्थानीय लोग भी शामिल रहते हैं। पुलिस प्रशासन का प्रयास रहेगा कि दर्शनार्थियों को व्यवस्थित एवं सुरक्षित दर्शन कराए जाएं। इस वर्ष सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के सुझाव दिए गए हैं। साथ ही धक्का-मुक्की की स्थिति से बचाव हेतु बैरिकेड्स की पुख्ता व्यवस्था की जा रही है। महाशिवरात्रि पर्व के दौरान लगभग 400 से 500 जिला पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
बैठक में मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेश मेहता, उपाध्यक्ष राजकुमारी सिंह, सचिव पंकज हर्ष श्रीवास्तव, प्रबंधक पं. श्रीरामकृपाल पाठक, सदस्य उमा प्रसाद असाटी एवं सदस्य गोविंद तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com