नोहलेश्वर महोत्सव में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की सख्ती, फूड स्टॉल्स व किराना दुकानों का औचक निरीक्षण..
हल्दी पाउडर के नमूने लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए..
दमोह।
कलेक्टर श्री सुधीर कुमार कोचर के निर्देशों के तहत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा जांच दल द्वारा नोहटा में आयोजित नोहलेश्वर महोत्सव के दौरान अस्थाई फूड स्टॉल्स तथा अभाना क्षेत्र की किराना दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान नोहटा महोत्सव परिसर में संचालित चाट-फुल्की सेंटर, फास्ट फूड सेंटर, आइसक्रीम कॉर्नर, अचार-नमकीन विक्रय स्टॉल, चाय-नाश्ता सेंटर आदि की जांच की गई। खाद्य कारोबारियों को आम जनता को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
खुले में खाद्य सामग्री बेचने पर रोक..
खाद्य सुरक्षा दल ने सभी दुकानदारों को खाद्य लाइसेंस बनवाने, खाद्य सामग्री को स्वच्छ एवं सुरक्षित तरीके से तैयार कर विक्रय करने, तथा खुले में खाद्य सामग्री का भंडारण व विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए। साथ ही अखाद्य फूड कलर का उपयोग न करने की सख्त हिदायत दी गई।
निरीक्षण के दौरान हल्दी पाउडर के नमूने लिए गए, जिन्हें गुणवत्ता परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा की गई इस कार्रवाई से महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को सुरक्षित एवं मानकयुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..