मतदाता सूची में फर्जी आपत्तियों का आरोप, कोटातला के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा आवेदन..

Spread the love

मतदाता सूची में फर्जी आपत्तियों का आरोप, कोटातला के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा आवेदन=.
दमोह।
विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटातला की मतदाता सूची में सैकड़ों लोगों के नामों पर कथित रूप से फर्जी आपत्तियां लगाए जाने के मामले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। इसी को लेकर ग्राम पंचायत कोटातला के ग्रामीण जनों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला निर्वाचन अधिकारी, एसडीएम एवं जबलपुर नाका चौकी प्रभारी को एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर आवेदन सौंपा।
दोपहर में कोटातला के वरिष्ठ सत्तार चाचा के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष कलेक्ट्रेट पहुंचे। ग्रामीणों ने प्रशासन को अवगत कराया कि वे वर्षों से ग्राम कोटातला में निवासरत हैं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) के दौरान उन्होंने अपने आवेदन जमा किए थे, जिनका बीएलओ द्वारा भौतिक सत्यापन भी किया गया, इसके बावजूद कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा फर्जी तरीके से उनके नाम कटवाने के लिए आपत्तियां दर्ज कराई गईं।
ग्रामीणों के साथ पहुंचे जिला कांग्रेस संगठन महासचिव एडवोकेट नितिन मिश्रा, अल्पसंख्यक अध्यक्ष रियाज खान एवं अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष अजय जाटव ने ग्रामीणों की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि फर्जी आपत्तियां लगाने वालों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की जाए। साथ ही उन्होंने मांग की कि आपत्तियों के निराकरण से पूर्व यह जांच की जाए कि आपत्ति दर्ज कराने वाले व्यक्ति कौन हैं, उनका भौतिक सत्यापन कराया जाए तथा भविष्य में आपत्ति दर्ज करते समय शपथ पत्र, पहचान सत्यापन एवं वीडियोग्राफी अनिवार्य की जाए।
ग्रामीणों एवं कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई वर्ग विशेष के खिलाफ षड्यंत्रपूर्वक की जा रही है। कई आपत्तियों में आपत्तिकर्ता के हस्ताक्षर नहीं हैं, तो कई में ऐसे मोबाइल नंबर दर्ज हैं जो प्रदेश से बाहर के हैं या बंद आ रहे हैं। कुछ मामलों में ऐसे लोगों के नाम से भी आपत्तियां लगाई गई हैं जो अब गांव में निवास नहीं करते, जिससे फर्जीवाड़े की आशंका और गहरी होती है।
ग्रामीणों ने जिला निर्वाचन अधिकारी से मांग की कि मतदाताओं के मताधिकार की रक्षा के लिए मामले में संज्ञान लिया जाए और दोषियों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान करीम खान, यासीन, वहीद, सोनिया खान, शमसुद्दीन, बल्लू, जलील, रमजान, इब्रान, फिरोज, आशिक, रसूल, मुबीना, सिकंदर, बिलकिश सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com