नोहलेश्वर महोत्सव में पुरातत्व विभाग की प्रदर्शनी का राज्यमंत्री श्री लोधी ने किया शुभारंभ..
कांस्य प्रतिमाओं में शैव परंपरा और मध्यप्रदेश के प्रमुख स्मारकों पर आधारित प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र..
दमोह।
नोहटा स्थित नोहलेश्वर महोत्सव के अंतर्गत संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने संचालनालय पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय, भोपाल के तत्वावधान में आयोजित छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। यह प्रदर्शनी कार्यालय उपसंचालक, पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय, ग्वालियर द्वारा नोहटा महोत्सव आयोजन वर्ष 2025-26 के अवसर पर आयोजित की गई है।
प्रदर्शनी में “कांस्य प्रतिमाओं में शैव परंपरा” एवं “मध्यप्रदेश के महत्वपूर्ण स्मारक” विषय पर आधारित दुर्लभ छायाचित्र प्रदर्शित किए गए हैं। शुभारंभ अवसर पर राज्यमंत्री श्री लोधी ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विभाग द्वारा किए गए प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
इस अवसर पर उपसंचालक पुरातत्व ग्वालियर पी.सी. महोबिया, उपसंचालक पुरातत्व जबलपुर के.एल. डाभी, मानचित्रकार प्रमोद राव (जबलपुर) एवं प्रभारी उपयंत्री ग्वालियर सपन साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शैव परंपरा की कलात्मक धरोहर से हो रहा साक्षात्कार
“कांस्य प्रतिमाओं में शैव परंपरा” विषयक प्रदर्शनी में देश-विदेश के विभिन्न संग्रहालयों में सुरक्षित शिव परिवार से संबंधित कांस्य प्रतिमाओं के छायाचित्र उनके ऐतिहासिक संदर्भ एवं महत्व के साथ प्रदर्शित किए गए हैं। इससे दर्शकों को भारतीय सांस्कृतिक धरोहर की कलात्मक सुंदरता और उसके संरक्षण की आवश्यकता को समझने का अवसर मिल रहा है।
प्रदर्शनी में पुरातत्व विभाग के अधीन मध्यप्रदेश के प्रमुख स्मारकों के कट-आउट्स भी प्रदर्शित किए गए हैं, जो प्रदेश की समृद्ध पुरातात्विक विरासत को रेखांकित करते हैं। साथ ही विभागीय प्रतिकृतियाँ एवं प्रकाशन जनसामान्य के अवलोकन एवं क्रय हेतु उपलब्ध कराए गए हैं।
15 फरवरी तक निःशुल्क अवलोकन
प्रभारी उपयंत्री ग्वालियर सपन साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रदर्शनी नोहटा महोत्सव (05 फरवरी से 15 फरवरी) के मेले के समापन तक दर्शकों के लिए पूर्णतः निःशुल्क रहेगी, जिससे अधिक से अधिक लोग इसे देख सकें और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूक हो सकें।
नोहलेश्वर महोत्सव में पुरातत्व विभाग की प्रदर्शनी का राज्यमंत्री श्री लोधी ने किया शुभारंभ..


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..