दमोह।
दमोह जिले में सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने, चक्काजाम के लिए लोगों को उकसाने, भड़काऊ और उन्मादी पोस्ट डालने तथा प्रशासन के विरुद्ध झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर दमोह पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस प्रशासन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि ऐसे किसी भी कृत्य को सीधी चुनौती माना जाएगा और दोषियों के खिलाफ बिना किसी दबाव या लिहाज़ के कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल कर जनता को गुमराह कर रहे हैं और शहर में तनाव का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। इस प्रकार की गतिविधियां न केवल गैरकानूनी हैं, बल्कि जिले की शांति और सामाजिक सौहार्द के लिए गंभीर खतरा हैं।
दमोह पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने, समुदायों के बीच वैमनस्य उत्पन्न करने, भीड़ भड़काने, चक्काजाम कराने या लोक सेवकों के विरुद्ध झूठी जानकारी प्रसारित करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, धारा 353 एवं आईटी एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाएगी। ऐसे मामलों में किसी प्रकार की चेतावनी या समझाइश नहीं दी जाएगी।
पुलिस की साइबर सेल और खुफिया इकाइयां 24×7 सक्रिय हैं और सोशल मीडिया पर डाली जा रही हर पोस्ट, वीडियो, मैसेज और लाइव गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। अफवाह फैलाने वालों की डिजिटल पहचान चिन्हित की जा चुकी है और आने वाले दिनों में इनके खिलाफ कार्रवाई और तेज की जाएगी।
दमोह पुलिस ने आम नागरिकों को भी सख्त संदेश देते हुए कहा है कि कोई भी व्यक्ति अफवाह फैलाने वालों का सहयोगी न बने। बिना सत्यापन के कोई भी पोस्ट शेयर करना भी अपराध की श्रेणी में आएगा। यदि किसी को भी भड़काऊ सामग्री, चक्काजाम की अपील या प्रशासन विरोधी झूठे आरोप नजर आएं, तो तुरंत 112 या दमोह पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दें।
पुलिस प्रशासन ने दो टूक कहा है कि जिले की कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। दमोह पुलिस शांति, सुरक्षा और कानून का राज बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनता से अपेक्षा है कि वे संयम बरतें, अफवाहों से दूर रहें और प्रशासन के साथ सहयोग करें—क्योंकि कानून से ऊपर कोई नहीं है।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
लुहर्रा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, किसान ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..