मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 फरवरी को नोहलेश्वर महोत्सव में होंगे शामिल
नोहटा में किसान सम्मेलन को करेंगे संबोधित, तैयारियों का लिया गया जायजा
दमोह।
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 फरवरी को दमोह जिले के जबेरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम नोहटा में आयोजित नोहलेश्वर महोत्सव में शामिल होंगे। इस अवसर पर नोहलेश्वर महोत्सव के साथ-साथ जिला स्तरीय किसान सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा, जिसे मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने सोमवार को कलेक्टर श्री सुधीर कुमार कोचर एवं पुलिस अधीक्षक श्री श्रुतकीर्ति सोमवंशी के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंच व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, बैठक व्यवस्था सहित समस्त प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की गई।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आगमन 13 फरवरी को दोपहर लगभग 2:30 से 3:00 बजे के मध्य प्रस्तावित है, जिसकी औपचारिक सूचना समयानुसार जारी की जाएगी। उन्होंने जिले एवं प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर किसान सम्मेलन को सफल बनाने तथा नोहलेश्वर महोत्सव को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करने की अपील की।
कलेक्टर श्री सुधीर कुमार कोचर ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। नोहटा में वृहद किसान मेला, कृषक प्रशिक्षण एवं सम्मेलन का आयोजन किया गया है, जिसमें किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंदिर परिसर, आमसभा स्थल, मार्ग व्यवस्था एवं हेलीपैड का निरीक्षण किया गया है। सुरक्षा बलों की आवश्यकता का आकलन कर अतिरिक्त बल की मांग की जाएगी तथा मुख्यमंत्री की सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 फरवरी को नोहलेश्वर महोत्सव में होंगे शामिल..



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..