ब्राह्मण समाज की नाबालिग छात्रा की बरामदगी को लेकर सौंपा गया ज्ञापन
तीन दिन में बरामद न होने पर मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदर्शन की चेतावनी
दमोह।
करीब डेढ़ माह पूर्व ब्राह्मण समाज की कक्षा 10वीं में अध्ययनरत एक नाबालिग छात्रा के अपहरण का मामला सामने आया था, जिस संबंध में पुलिस द्वारा अपराध भी पंजीबद्ध किया गया था। हालांकि लंबा समय बीत जाने के बावजूद अब तक छात्रा की बरामदगी नहीं हो पाने से समाज एवं पीड़ित परिवार में भारी आक्रोश व्याप्त है।
इसी को लेकर सोमवार को ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि मंडल ने पीड़ित परिवार के साथ एकत्र होकर पुलिस अधीक्षक दमोह के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में समाज द्वारा मांग की गई कि आगामी तीन दिवस के भीतर नाबालिग छात्रा को बरामद किया जाए, अन्यथा आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।
ब्राह्मण समाज के जिलाध्यक्ष श्री मुकेश पांडेय एवं श्री मनीष नगाइच ने बताया कि पीड़ित परिजनों द्वारा पुलिस को मोबाइल नंबर सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध कराए गए हैं, इसके बावजूद अब तक की गई कार्रवाई नाकाफी साबित हुई है। प्रतिनिधि मंडल ने इस गंभीर प्रकरण में दो विशेष जांच टीमों के गठन एवं साइबर एक्सपर्ट को खोजबीन में शामिल करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित करने एवं साइबर टीम को ट्रेसिंग कार्य में लगाने का आश्वासन दिया गया।
वहीं पीड़ित परिवार ने स्पष्ट किया कि यदि आगामी तीन दिनों में छात्रा की बरामदगी नहीं होती है, तो 13 तारीख को नोहटा में मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान उनके समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा।
इस दौरान ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि मंडल में पंडित संजय सरवरिया, पंडित ब्रजेश गर्ग, पंडित गोविंद तिवारी, पंडित अर्पित पांडेय, पंडित गरिमा त्रिपाठी सहित अन्य समाजजन एवं पीड़ित परिवार उपस्थित रहा।
ब्राह्मण समाज की नाबालिग छात्रा को ढूढ़ने ब्राह्मण समाज ने सौपा ज्ञापन..



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..